Ranchi CGL Protest: रांची के प्रोजेक्ट भवन सचिवालय में बुधवार को CGL परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे सफल अभ्यर्थी अचानक उग्र हो गए। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने मुख्य द्वार पर लगी बैरिकेडिंग तोड़ दी और सुरक्षा घेरा पार कर सचिवालय परिसर में प्रवेश कर गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
Ranchi CGL Protest: पुलिस से हुई तीखी बहस और धक्का-मुक्की-
दोपहर करीब 2 बजे प्रदर्शनकारी मुख्य द्वार पर जुटे और अधिकारियों से बातचीत की मांग करने लगे। जब उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो अभ्यर्थियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर जाने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा पार कर परिसर में प्रवेश करने में सफल रहे।
Ranchi CGL Protest: ‘न्याय दो या फांसी दो’ के नारे लगाए-
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान ‘न्याय दो या फांसी दो’, ‘आवाज दो, हम एक हैं’ और ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए गए। कुछ अभ्यर्थी भावुक होकर जमीन पर लेट गए और न्याय की गुहार लगाते नजर आए।
CGL परीक्षा रद्द करने का आदेश वापस लेने की मांग-
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मुख्य मांग CGL परीक्षा रद्द करने के आदेश को वापस लेने की है। उनका कहना है कि सरकार इस मामले में सफल अभ्यर्थियों से बातचीत करे और उनकी समस्याओं का समाधान निकाले।
मौके पर बढ़ाई गई पुलिस की तैनाती-
स्थिति को देखते हुए प्रोजेक्ट भवन के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया। आसपास के थानों से भी अतिरिक्त जवानों को बुलाया गया। हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि क्षेत्र में निषेधाज्ञा के तहत धारा 144/163 बीएनएस लागू की गई है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील सरकारी परिसर में इस तरह प्रदर्शन करने पर अभ्यर्थियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की-
स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की। अधिकारी लगातार अभ्यर्थियों से परिसर खाली करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते रहे। फिलहाल सचिवालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
यह भी पढ़े- मध्य प्रदेश में बारिश का कहर: चित्रकूट में गुप्त-गोदावरी उफनी, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात








