BPSC TRE-4 में 32,388 पदों पर भर्ती, जानें कौन भर सकता है फॉर्म

BPSC TRE-4:

BPSC TRE-4: बिहार में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। BPSC TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। इस भर्ती के जरिए कक्षा 1 से 12वीं तक कुल 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर से शुरू होगी और 30 सितंबर 2026 तक चलेगी। हालांकि, TRE-4 में आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों के लिए अपनी शैक्षणिक योग्यता और शिक्षक पात्रता की शर्तों को समझना जरूरी है।

BPSC TRE-4: STET 2026 में शामिल अभ्यर्थियों को भी मौका-

TRE-4 की खास बात यह है कि STET 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे। ऐसे अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान STET 2026 की फॉर्म आईडी दर्ज करनी होगी। इसके बाद वे अपनी योग्यता के अनुसार TRE-4 के संबंधित पद के लिए आवेदन कर सकते हैं।

BPSC TRE-4: कक्षा 1 से 5 के लिए योग्यता-

प्राथमिक शिक्षक के पद के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के 12वीं में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए। आरक्षित वर्ग के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। इसके अलावा D.El.Ed., B.El.Ed. या निर्धारित वैकल्पिक योग्यता जरूरी होगी। CTET/STET पेपर-1 की पात्रता भी आवश्यक है। इस स्तर पर कुल 3,847 पद हैं।

कक्षा 6 से 8 के लिए क्या चाहिए-

मध्य विद्यालय शिक्षक के लिए अभ्यर्थी के पास ग्रेजुएशन के साथ B.Ed. या निर्धारित चार वर्षीय शिक्षक शिक्षा पाठ्यक्रम की योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा संबंधित विषय की निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी करना भी जरूरी होगा। कक्षा 6 से 8 के लिए कुल 8,553 पद हैं।

कक्षा 9 से 10 के लिए विषयवार योग्यता-

माध्यमिक शिक्षक यानी कक्षा 9 से 10 के लिए संबंधित विषय में ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन के साथ B.Ed. जैसी निर्धारित योग्यता जरूरी है। इस स्तर पर 3,877 पद हैं। केवल ग्रेजुएशन की डिग्री होने से हर विषय के पद के लिए आवेदन नहीं किया जा सकेगा।

कक्षा 11 से 12 के लिए STET पेपर-2 जरूरी-

उच्च माध्यमिक शिक्षक यानी कक्षा 11 से 12 के लिए संबंधित विषय में निर्धारित अंकों के साथ पोस्ट ग्रेजुएशन और B.Ed. की योग्यता जरूरी है। इसके साथ STET पेपर-2 पास होना भी अनिवार्य है। इस स्तर पर सबसे ज्यादा 16,101 पद हैं। इनमें केमिस्ट्री के 3,695 और फिजिक्स के 1,758 पद शामिल हैं।

1 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन-

BPSC TRE-4 के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले अपनी कक्षा, विषय, शैक्षणिक योग्यता और CTET/STET की पात्रता जरूर जांच लेनी चाहिए। संबंधित पद की सभी शर्तें पूरी करने वाले अभ्यर्थी ही आवेदन के लिए पात्र होंगे

यह भी पढ़ें- WTC फाइनल की राह में भारत मजबूत, श्रीलंका के 6 विकेट बाकी