Home » राष्ट्रीय » RCB: लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनी RCB, फाइनल में गुजरात को 5 विकेट से हराया

RCB: लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनी RCB, फाइनल में गुजरात को 5 विकेट से हराया

RCB: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात

RCB: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में टीम ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। इस जीत के साथ बेंगलुरु उन चुनिंदा टीमों में शामिल हो गई है, जिन्होंने अपने आईपीएल खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया है।

गेंदबाजों ने गुजरात को बड़े स्कोर से रोका

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी आरसीबी ने शुरुआत से ही गुजरात पर दबाव बनाए रखा। जॉश हेजलवुड ने कप्तान शुभमन गिल को सिर्फ 10 रन पर आउट कर बड़ा झटका दिया, जबकि साई सुदर्शन भी 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जोस बटलर भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और क्रुणाल पंड्या का शिकार बने। गुजरात की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए। उनकी पारी की बदौलत गुजरात ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 155 रन बनाए। आरसीबी के लिए युवा तेज गेंदबाज रसिख सलाम सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट झटके। भुवनेश्वर कुमार और जॉश हेजलवुड ने 2-2 विकेट हासिल किए।

RCB: विराट कोहली ने खेली विजयी पारी

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु को वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली (Virat Kohli) ने तेज शुरुआत दिलाई। वेंकटेश ने 16 गेंदों में 32 रन बनाए। हालांकि देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार और क्रुणाल पंड्या जल्दी आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली ने जिम्मेदारी संभाली और अंत तक टिके रहे। उन्होंने 42 गेंदों में नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। टिम डेविड ने भी 24 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। कोहली ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई और स्टेडियम में मौजूद लाखों प्रशंसकों को जश्न मनाने का मौका दिया।

आरसीबी ने रचा नया इतिहास

पिछले वर्ष पहला आईपीएल खिताब जीतने वाली आरसीबी ने इस बार भी अपना दबदबा कायम रखा। लगातार दूसरी बार चैंपियन बनकर टीम ने अपनी ताकत और निरंतरता साबित की है। विराट कोहली की शानदार बल्लेबाजी और रसिख सलाम की प्रभावी गेंदबाजी इस फाइनल की सबसे बड़ी विशेषता रही। इस जीत के साथ बेंगलुरु ने आईपीएल इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा दिया है।

 

ये भी पढ़ें…सूर्या हत्याकांड पर विश्व हिन्दू परिषद की प्रतिक्रिया, कहा- समाज के विश्वास पर हुआ हमला