RCB vs MI: रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने मुंबई इंडियंस (एमआई) को बेहद रोमांचक मैच में 2 विकेट से हरा दिया। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 166 रन बनाए थे, जिसे आरसीबी ने आखिरी गेंद पर 8 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस हार के बाद मुंबई इंडियंस का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना भी टूट गया।
आरसीबी की खराब शुरुआत
167 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत काफी खराब रही। टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली बिना खाता खोले ही आउट हो गए। दीपक चाहर ने उन्हें पहली ही गेंद पर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और 12 रन बनाकर आउट हो गए।
कप्तान रजत पाटीदार भी बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए और सिर्फ 8 रन बनाकर चलते बने। वहीं जैकब बेथेल ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन उसे बड़ी पारी में नहीं बदल सके और 27 रन बनाकर आउट हो गए।

क्रुणाल पांड्या ने संभाली टीम की पारी
एक समय आरसीबी की स्थिति काफी मुश्किल लग रही थी, लेकिन क्रुणाल पांड्या ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 46 गेंदों में 73 रनों की बेहतरीन पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 5 शानदार छक्के लगाए।
जितेश शर्मा ने भी तेज 18 रन बनाए, लेकिन वह ज्यादा देर नहीं टिक सके। टिम डेविड पहली ही गेंद पर आउट हो गए। आखिर में भुवनेश्वर कुमार ने 2 गेंदों में नाबाद 7 रन बनाए, जबकि रसिख सलाम ने 3 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।
RCB vs MI: मुंबई के गेंदबाजों का प्रदर्शन
मुंबई इंडियंस की ओर से कॉर्बिन बॉश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए। उन्होंने 26 रन देकर आरसीबी के बल्लेबाजों को काफी परेशान किया। वहीं दीपक चाहर ने भी 2 विकेट अपने नाम किए।
इससे पहले मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रयान रिकेल्टन सिर्फ 2 रन बनाकर भुवनेश्वर कुमार का शिकार बने।
रोहित शर्मा ने तेज शुरुआत करते हुए 10 गेंदों में 22 रन बनाए, लेकिन वह भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। वहीं सूर्यकुमार यादव खराब फॉर्म से बाहर नहीं निकल पाए और बिना खाता खोले आउट हो गए।

तिलक वर्मा और नमन धीर की शानदार साझेदारी
मुंबई की पारी को संभालने का काम तिलक वर्मा और नमन धीर ने किया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 57 गेंदों में 82 रन जोड़े।
नमन धीर ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 42 गेंदों में 57 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 2 छक्के लगाए।
आरसीबी की तरफ से भुवनेश्वर कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर 4 विकेट झटके। इसके अलावा जोश हेजलवुड, रसिख सलाम और रोमारियो शेफर्ड ने 1-1 विकेट हासिल किया।
अंक तालिका में टॉप पर पहुंची आरसीबी
इस शानदार जीत के बाद आरसीबी के 14 अंक हो गए हैं। टीम अब आईपीएल 2026 की अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है। वहीं मुंबई इंडियंस को इस हार के साथ प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होना पड़ा।
ये भी पढ़ें: नेपाल के दार्चुला में भूकंप के झटकों से दहशत, लोग घरों से बाहर निकले








