Reservation Reform: दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आज लखनऊ में मुलाकात की। बैठक के दौरान छात्रों ने अपनी मांगों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर उपमुख्यमंत्री को एक पत्र सौंपा। ब्रजेश पाठक ने छात्रों की बात गंभीरता से सुनी और भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में संबंधित केंद्रीय मंत्री से छात्र प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराने का प्रयास किया जाएगा।
जंतर-मंतर पर चल रहा है छात्रों का आंदोलन
आरक्षण सुधार की मांग को लेकर छात्र दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलन का नेतृत्व हर्ष दुबे, मृत्युंजय पाठक और शिवा शर्मा समेत अन्य छात्र प्रतिनिधि कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण है और इसका उद्देश्य देश के युवाओं के लिए समान अवसर सुनिश्चित करना है। लखनऊ में हुई मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों को विस्तार से उपमुख्यमंत्री के सामने रखा। ब्रजेश पाठक ने कहा कि युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार संवाद और सकारात्मक पहल के साथ आगे बढ़ेगी।
Reservation Reform: दो दिन में केंद्रीय मंत्री से होगी मुलाकात
उपमुख्यमंत्री ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी ओर से सौंपे गए पत्र और उसमें उठाए गए मुद्दों को अगले दो दिनों में केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष रखा जाएगा। साथ ही संबंधित केंद्रीय मंत्री से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराने का प्रयास भी किया जाएगा। ब्रजेश पाठक ने कहा कि सरकार युवाओं के हितों को लेकर गंभीर है और उनकी न्यायसंगत मांगों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाकर समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग
छात्र प्रतिनिधिमंडल ने अपने पत्र में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और सभी छात्रों को समान अवसर उपलब्ध कराने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था में छात्रों की बौद्धिक क्षमता और मेरिट के बीच काफी अंतर दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाने के साथ अवसरों की संख्या भी बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक छात्रों को आगे बढ़ने का मौका मिल सके। छात्रों के मुताबिक, इससे किसी भी छात्र के साथ अन्याय की स्थिति को कम किया जा सकेगा।
Reservation Reform: सरकार के आश्वासन से बढ़ी समाधान की उम्मीद
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हर्ष दुबे ने कहा कि छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखी हैं। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री की ओर से दो दिनों के भीतर केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कराने का आश्वासन मिला है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि “हमारी सरकार हर युवा के साथ है” और देश-प्रदेश के युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। अब छात्रों की नजर केंद्रीय मंत्री के साथ होने वाली संभावित बैठक पर है, जहां वे अपनी मांगों को सीधे केंद्रीय नेतृत्व के सामने रख सकेंगे।








