Home » मध्य प्रदेश » रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर भीषण हादसा: 11 की मौत, 9 जिंदा जले, मैहर से लौट रहा था परिवार

रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर भीषण हादसा: 11 की मौत, 9 जिंदा जले, मैहर से लौट रहा था परिवार

REWA HIGHWAY ACCIDENT: मिर्जापुर में रीवा-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर बुधवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इनमें बोलेरो में सवार 9 लोग जिंदा जल गए। हादसा बुधवार की रात करीब 9:30 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर कई वाहनों से जा टकराया।

हाईवे पर भीषण हादसा

पुलिस के मुताबिक, ट्रक के ब्रेक फेल हो जाने के कारण वह नियंत्रण से बाहर हो गया और आगे चल रही बोलेरो और स्विफ्ट कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियां आगे चल रहे ट्रॉले से जा भिड़ीं। इस टक्कर के बाद बोलेरो उछलकर पलटी और उसमें अचानक आग लग गई, जबकि स्विफ्ट कार ट्रक और ट्रॉले के बीच फंस गई।

REWA HIGHWAY ACCIDENT: जिंदा जल गए 9 लोग

बोलेरो में लगी आग इतनी भीषण थी कि उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन में फंसे लोग मदद के लिए चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी उन्हें बचाने के लिए पास नहीं जा सका। मृतकों में एक ही परिवार के 8 सदस्य और एक चालक शामिल हैं।

REWA HIGHWAY ACCIDENT
REWA HIGHWAY ACCIDENT

अन्य वाहनों के लोग भी शिकार

बताया जा रहा है कि सभी लोग मैहर से एक बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर वापस लौट रहे थे। हादसे में उस बच्चे और उसकी मां की भी जान चली गई। बोलेरो सवार सभी लोग जिगना थाना क्षेत्र के नरैना गांव के निवासी थे। इस हादसे में स्विफ्ट कार के चालक और ट्रॉले के क्लीनर की भी मौत हो गई। हादसा ड्रमडगंज थाना क्षेत्र में हुआ।

REWA HIGHWAY ACCIDENT: रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और शवों को बाहर निकाला गया। यह हादसा इलाके में गहरे शोक का कारण बन गया है। एक ही परिवार के कई लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।

ये भी पढ़े… बारामती में सुनेत्रा पवार ने डाला वोट , क्या अजित दादा के काम पर लगेगी मुहर?