Home » एक्सप्लनेर » आपका बैंक अकाउंट कितना सुरक्षित? SBI डेटा लीक, OTP फ्रॉड और फर्जी लोन का खतरा

आपका बैंक अकाउंट कितना सुरक्षित? SBI डेटा लीक, OTP फ्रॉड और फर्जी लोन का खतरा

SBI Data Leak: भारतीय स्टेट बैंक ने ग्राहकों के डेटा से जुड़ी संभावित सेंधमारी की जानकारी दी है। शुरुआती जांच में करीब 3.75 लाख रिकॉर्ड की पड़ताल के दौरान 3,897 ग्राहक रिकॉर्ड में निजी जानकारी मिली। बैंक ने कहा है कि ग्राहकों का बैलेंस सुरक्षित है। लेकिन डेटा का गलत इस्तेमाल कैसे हो सकता है और खाताधारकों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए? समझिए पूरा मामला।

डिजिटल बैंकिंग ने पैसे भेजने, बिल भरने और ऑनलाइन खरीदारी करने जैसे काम आसान कर दिए हैं। लेकिन इसी के साथ निजी जानकारी की सुरक्षा भी एक बड़ी चुनौती बन गई है। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से जुड़े डेटा के डार्क वेब पर सामने आने की खबर ने ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है।

डेटा लीक होने की खबर बैक से 

बैंक ने 21 अक्टूबर 2026 को शेयर बाजारों को दी गई जानकारी में बताया कि उसे ग्राहकों के डेटा के संभावित रूप से उजागर होने के बारे में अलर्ट मिला था। शुरुआती जांच में डार्क वेब पर उपलब्ध लगभग 3.75 लाख रिकॉर्ड की पड़ताल की गई, जिनमें 3,897 रिकॉर्ड में ग्राहकों की पहचान से जुड़ी जानकारी मिली। बैंक ने मामले की विस्तृत जांच के लिए CERT-In से संबद्ध एक स्वतंत्र साइबर सुरक्षा एजेंसी को नियुक्त किया है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि करोड़ों ग्राहकों का डेटा लीक होने की पुष्टि हो चुकी है या सभी प्रभावित खातों से पैसे निकाले जा सकते हैं। SBI ने कहा है कि इस घटना का उसके मुख्य बैंकिंग कामकाज, वित्तीय प्रदर्शन या कारोबारी निरंतरता पर कोई महत्वपूर्ण असर नहीं पड़ा है। बैंक ने ग्राहकों के बैलेंस को भी सुरक्षित बताया है।

अब सवाल है कि डेटा लीक होने का असल खतरा क्या है? क्या इससे आपके बैंक खाते से पैसे निकल सकते हैं? क्या आपके नाम पर फर्जी लोन लिया जा सकता है? और खुद को सुरक्षित रखने के लिए आपको क्या करना चाहिए? आइए, सवाल-जवाब में समझते हैं।

SBI Data Leak: सवाल 1: SBI डेटा लीक का मामला क्या है?

जवाब: SBI को 16 अक्टूबर को अपने थ्रेट इंटेलिजेंस सेवा प्रदाता, डिफेंस साइबर एजेंसी और भारतीय कंप्यूटर आपात प्रतिक्रिया दल (CERT-In) से ग्राहकों के डेटा के संभावित रूप से उजागर होने की जानकारी मिली थी। बैंक के मुताबिक, शुरुआती पड़ताल में डार्क वेब पर उपलब्ध लगभग 3.75 लाख रिकॉर्ड में से 3,897 रिकॉर्ड में व्यक्तिगत पहचान से जुड़ी जानकारी मिली। इनमें कथित तौर पर ये विवरण शामिल थे: ग्राहकों के नाम और मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और लिंग, ईमेल आईडी और आवासीय पते, बैंक शाखा से जुड़ी जानकारी, कस्टमर इन्फॉर्मेशन फाइल (CIF) और लीड आईडी और लोन और लीड रिकॉर्ड से संबंधित मेटाडेटा है।

बैंक ने कहा है कि डेटा की प्रामाणिकता, उसके स्रोत और लीक की वास्तविक सीमा का पता लगाने के लिए जांच जारी है। अभी यह भी स्पष्ट नहीं है कि डेटा किस माध्यम से बाहर पहुंचा। इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि सभी रिकॉर्ड की जानकारी प्रमाणित हो चुकी है या हर ग्राहक का संवेदनशील डेटा उजागर हुआ है।

सवाल 2: डार्क वेब क्या है और वहां डेटा पहुंचने का क्या मतलब है?

जवाब: इंटरनेट का एक हिस्सा ऐसा है, जिसे सामान्य सर्च इंजन जैसे गूगल पर सीधे खोजा नहीं जा सकता। डार्क वेब तक पहुंचने के लिए विशेष सॉफ्टवेयर या नेटवर्क की जरूरत हो सकती है। इसका इस्तेमाल वैध उद्देश्यों के लिए भी किया जा सकता है, लेकिन कुछ अवैध मंचों पर चोरी किए गए डेटा की खरीद-फरोख्त भी होती है।

अगर किसी व्यक्ति की निजी जानकारी ऐसे मंचों पर उपलब्ध हो जाती है, तो साइबर अपराधी उसका इस्तेमाल धोखाधड़ी की कोशिशों में कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, नाम, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और बैंक से जुड़े कुछ विवरणों के आधार पर ठग खुद को बैंक अधिकारी बताकर फोन कर सकते हैं।हालांकि, डार्क वेब पर किसी रिकॉर्ड का मिलना अपने आप यह साबित नहीं करता कि वह पूरी तरह असली है, उसमें मौजूद हर जानकारी सही है या किसी के बैंक खाते पर अपराधियों का सीधा नियंत्रण हो गया है। SBI ने भी अपने मामले में डेटा की प्रामाणिकता और पूरी सीमा की जांच जारी होने की बात कही है।

SBI Data Leak: सवाल 3: क्या SBI डेटा लीक से आपका बैंक अकाउंट खाली हो सकता है?

जवाब: केवल निजी जानकारी उजागर होने का मतलब यह नहीं है कि आपके खाते से अपने आप पैसे निकल जाएंगे। बैंक खाते से रकम निकालने या डिजिटल भुगतान करने के लिए आम तौर पर अतिरिक्त प्रमाणीकरण या दूसरी सुरक्षा प्रक्रियाओं की जरूरत होती है। लेकिन खतरा पूरी तरह नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता। यदि ठगों के पास आपकी कुछ निजी जानकारी पहुंच जाती है, तो वे उसका इस्तेमाल करके आपको भरोसे में लेने की कोशिश कर सकते हैं। वे बैंक कर्मचारी बनकर फोन कर सकते हैं, खाते में समस्या होने का दावा कर सकते हैं या किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के लिए कह सकते हैं।

इस तरह डेटा लीक का एक बड़ा जोखिम लक्षित साइबर ठगी है। अपराधी जितनी ज्यादा सही जानकारी जुटा लेते हैं, उनके लिए किसी व्यक्ति को धोखा देने की कोशिश उतनी ही विश्वसनीय दिखाई दे सकती है। SBI ने ग्राहकों के बैलेंस सुरक्षित होने की बात कही है। फिर भी किसी भी ग्राहक को अपने खाते में संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखनी चाहिए।

सवाल 4: डेटा लीक से OTP फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट का खतरा कैसे बढ़ सकता है?

जवाब: डेटा लीक होने के बाद साइबर अपराधी फोन कॉल, ईमेल या मैसेज के जरिए लोगों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं। इसे समझने के लिए दो तरीके देखिए।

1. फिशिंग और बैंक अधिकारी बनकर ठगी

मान लीजिए किसी ठग के पास आपका नाम, मोबाइल नंबर और बैंक से जुड़ी कुछ जानकारी है। वह आपको फोन करके कहता है कि आपके खाते में संदिग्ध गतिविधि हुई है या आपका अकाउंट बंद होने वाला है। इसके बाद वह आपसे OTP, पासवर्ड, UPI PIN या किसी लिंक के जरिए जानकारी साझा करने को कहता है। यदि आप उस पर भरोसा करके गोपनीय जानकारी दे देते हैं या उसके निर्देश पर भुगतान कर देते हैं, तो आर्थिक नुकसान हो सकता है।

2. डिजिटल अरेस्ट के नाम पर धमकी

कुछ साइबर ठग खुद को पुलिस, जांच एजेंसी या सरकारी अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते हैं। वे दावा कर सकते हैं कि आपका बैंक खाता किसी अपराध में इस्तेमाल हुआ है और आपको वीडियो कॉल पर बने रहना होगा या पैसे ट्रांसफर करने होंगे। डेटा लीक से ऐसे हमलों के लिए जानकारी जुटाना आसान हो सकता है, लेकिन इससे यह निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए कि हर प्रभावित ग्राहक के साथ ठगी होना तय है।

SBI Data Leak: सवाल 5: क्या लीक हुए डेटा से आपके नाम पर फर्जी लोन लिया जा सकता है?

जवाब: निजी जानकारी का गलत इस्तेमाल करके फर्जी लोन लेने की कोशिश की जा सकती है, लेकिन केवल नाम, मोबाइल नंबर या जन्मतिथि जान लेने से हर जगह लोन मिल जाना संभव नहीं है। ऋण देने वाली संस्थाओं की अपनी पहचान सत्यापन और मंजूरी की प्रक्रियाएं होती हैं।

जोखिम इस बात पर निर्भर करेगा कि अपराधियों के पास किस तरह के दस्तावेज या विवरण हैं और वे किन प्रणालियों का दुरुपयोग करने की कोशिश करते हैं। SBI के शुरुआती आकलन में कुछ रिकॉर्ड के साथ लोन और लीड से जुड़ा मेटाडेटा होने की जानकारी दी गई है। लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि सभी ग्राहकों के PAN, आधार या पूरे लोन आवेदन उजागर हुए हैं। इसलिए समय-समय पर अपनी क्रेडिट रिपोर्ट की जांच करना उपयोगी है। अगर कोई ऐसा लोन दिखाई दे, जिसके लिए आपने आवेदन नहीं किया, तो संबंधित बैंक या वित्तीय संस्था से तुरंत संपर्क करें और क्रेडिट ब्यूरो के पास विवाद दर्ज कराएं।

SBI Data Leak
                                                              SBI Data Leak
सवाल 6: क्या डेटा लीक के बाद सिम-स्वैपिंग से OTP चोरी हो सकता है?

जवाब: सिम-स्वैपिंग एक तरह की धोखाधड़ी है, जिसमें अपराधी मोबाइल ऑपरेटर की प्रक्रिया का दुरुपयोग करके पीड़ित के नंबर पर नया सिम जारी करवाने की कोशिश करता है। यदि यह प्रयास सफल हो जाए, तो कुछ परिस्थितियों में उस नंबर पर आने वाले SMS और OTP अपराधी तक पहुंच सकते हैं।

लेकिन केवल मोबाइल नंबर और दूसरी निजी जानकारी उजागर होने से सिम-स्वैप अपने आप नहीं हो जाता। इसके लिए अपराधी को अतिरिक्त धोखाधड़ी करनी पड़ती है और मोबाइल ऑपरेटर की सुरक्षा प्रक्रिया को दरकिनार करना पड़ता है। यदि आपके फोन में अचानक मोबाइल नेटवर्क बंद हो जाए और लंबे समय तक सेवा वापस न आए, जबकि आसपास दूसरे फोन काम कर रहे हों, तो मोबाइल ऑपरेटर से संपर्क करें। साथ ही अपने बैंक खाते में संदिग्ध गतिविधि की जांच करें।

SBI Data Leak: सवाल 7: SBI ग्राहकों को अभी क्या करना चाहिए?

जवाब: घबराकर हर पासवर्ड या PIN बदलने के बजाय सबसे पहले अपने खाते और डिजिटल सेवाओं की सुरक्षा पर ध्यान दें। ये कदम उपयोगी हो सकते हैं: 1. बैंक ट्रांजैक्शन पर नजर रखें: अपने खाते का बैलेंस और हाल के लेनदेन नियमित रूप से जांचें। कोई अनजान ट्रांजैक्शन दिखे तो तुरंत बैंक को सूचित करें। 2. OTP, UPI PIN और पासवर्ड साझा न करें: बैंक अधिकारी, पुलिस या कोई सरकारी कर्मचारी होने का दावा करने वाला व्यक्ति भी आपसे गोपनीय PIN या OTP मांगकर उसे साझा करवाने का अधिकार नहीं रखता। 3. संदिग्ध लिंक से बचें: खाते को ब्लॉक करने, KYC अपडेट करने या रिफंड देने के नाम पर भेजे गए अनजान लिंक पर क्लिक न करें। बैंकिंग सेवाओं के लिए आधिकारिक ऐप या वेबसाइट का इस्तेमाल करें।

4. पासवर्ड सुरक्षित रखें: अगर आपको लगता है कि आपका पासवर्ड उजागर हुआ है, या आपने वही पासवर्ड कई जगह इस्तेमाल किया है, तो उसे बदलें। अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग और मजबूत पासवर्ड रखें। जहां उपलब्ध हो, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्रिय करें। 5. क्रेडिट रिपोर्ट की जांच करें: समय-समय पर अपनी क्रेडिट रिपोर्ट देखें। कोई अनजान लोन या क्रेडिट खाता दिखे, तो संबंधित संस्था से संपर्क करें।  6. मोबाइल नेटवर्क में अचानक बदलाव को नजरअंदाज न करें: बिना स्पष्ट वजह के सिम की सेवा बंद हो जाए, तो मोबाइल ऑपरेटर से संपर्क करके स्थिति की पुष्टि करें। 7. ठगी होने पर तुरंत शिकायत करें: अगर आपके साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी हो गई है, तो राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर जल्द संपर्क करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। बैंक को भी तुरंत सूचित करें।

सवाल 8: SBI ने इस मामले में क्या कहा है?

जवाब: SBI ने शेयर बाजारों को दी गई जानकारी में कहा कि उसने साइबर घटना से निपटने के लिए अपनी प्रतिक्रिया और रोकथाम संबंधी प्रक्रियाएं सक्रिय कर दी हैं। मामले की व्यापक जांच के लिए CERT-In से संबद्ध स्वतंत्र साइबर सुरक्षा एजेंसी की मदद ली जा रही है। बैंक के मुताबिक, घटना का उसके मुख्य कामकाज, वित्तीय प्रदर्शन या कारोबारी निरंतरता पर कोई महत्वपूर्ण असर नहीं पड़ा है। SBI ने ग्राहकों के बैलेंस सुरक्षित होने की बात भी कही है।

ये भी पढ़े… ‘पहले की सरकार में अपराधियों के बजाय पालतू जानवरों की तलाश करती थी पुलिस’, CM योगी ने सपा पर साधा निशाना