Home » मध्य प्रदेश » शिवपुरी में 2500 करोड़ की अदाणी डिफेंस फैक्ट्री का शिलान्यास, सिंधिया बोले- यहां बने हथियार दुश्मन का सीना चीरेंगे

शिवपुरी में 2500 करोड़ की अदाणी डिफेंस फैक्ट्री का शिलान्यास, सिंधिया बोले- यहां बने हथियार दुश्मन का सीना चीरेंगे

 Shivpuri Defence Factory:

Shivpuri Defence Factory: मध्य प्रदेश का शिवपुरी अब देश के उभरते रक्षा उत्पादन केंद्रों में शामिल होने जा रहा है। पाली गांव के पास अदाणी समूह की करीब 2500 करोड़ रुपये की डिफेंस फैक्ट्री का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना में गोला-बारूद, हाईटेक हथियार, मिशन-रेडी मिसाइलें और अन्य आधुनिक रक्षा उपकरण तैयार किए जाएंगे। फैक्ट्री से करीब 10 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से भी हजारों रोजगार के अवसर पैदा होंगे।शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के सीईओ करण अदाणी, जीत अडाणी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Shivpuri Defence Factory: सिंधिया बोले- शिवपुरी के इतिहास में नई इबारत लिखी जा रही-

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आज शिवपुरी के इतिहास में नई इबारत लिखी जा रही है। यह केवल डिफेंस फैक्ट्री का शिलान्यास नहीं, बल्कि जिले को औद्योगिक विकास, रक्षा उत्पादन और आत्मनिर्भर भारत के विजन से जोड़ने वाला ऐतिहासिक क्षण है।उन्होंने कहा, “जब भी देश की रक्षा के लिए युद्ध होगा, तब शिवपुरी में बने हथियार और गोला-बारूद देश की सीमाओं तक पहुंचेंगे। यहां के युवाओं की मेहनत से तैयार हथियार दुश्मन का मुकाबला करेंगे और भारतीय सेना की ताकत बढ़ाएंगे।”

Shivpuri Defence Factory: जीत अडाणी बोले- 2030 तक 1.20 लाख रोजगार देंगे-

अदाणी समूह के निदेशक जीत अडाणी ने कहा कि समूह ने मध्य प्रदेश में 1.10 लाख करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। यह निवेश पंप हाइड्रो स्टोरेज, सीमेंट, माइनिंग, लॉजिस्टिक्स और थर्मल एनर्जी सहित कई क्षेत्रों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2030 तक मध्य प्रदेश में करीब 1.20 लाख रोजगार सृजित किए जाएंगे। साथ ही कटनी जिले के आमेठा में 1200 मेगावाट बिजली आपूर्ति और  5600 मेगावाट अतिरिक्त क्षमता विकसित करने का भी काम चल रहा है।

सीएम मोहन यादव ने कीं 8 बड़ी घोषणाएं-

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा रखी गई स्वास्थ्य और विकास से जुड़ी चारों मांगों को स्वीकार करते हुए शिवपुरी के लिए कुल 8 बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने 120 करोड़ रुपये की सड़क निर्माण परियोजना, नई तहसील की मंजूरी, राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं, कार्डियोलॉजी विभाग, सीटी स्कैन सहित स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की घोषणा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “महाराज ने आज रोटी पर थोड़ा ज्यादा मक्खन लगा दिया।”

हथियारों और मिसाइलों की प्रदर्शनी भी लगी-

कार्यक्रम स्थल पर हाईटेक हथियारों, मिसाइलों और डिफेंस इक्विपमेंट की प्रदर्शनी लगाई गई। मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। अधिकारियों ने उन्हें प्रस्तावित फैक्ट्री में बनने वाले रक्षा उत्पादों और उनकी तकनीकी विशेषताओं की जानकारी दी।

डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में बनेगी नई पहचान-

पाली गांव के पास बनने वाली यह यूनिट शिवपुरी का अब तक का सबसे बड़ा औद्योगिक निवेश मानी जा रही है। फैक्ट्री के पास रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग-27 की उपलब्धता इसे लॉजिस्टिक दृष्टि से भी मजबूत बनाती है। परियोजना से स्थानीय व्यापार, परिवहन, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य छोटे व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस पहले से छोटे हथियार, गोला-बारूद, ड्रोन, काउंटर-ड्रोन सिस्टम और आधुनिक रक्षा तकनीक से जुड़े उत्पाद बनाती है। हालांकि सुरक्षा कारणों से कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि शिवपुरी यूनिट में कौन-कौन से रक्षा उत्पाद तैयार किए जाएंगे।

यह भी पढ़े- UP Home Guard Bharti 2026: पीएसटी के मानक जारी, 1.07 लाख अभ्यर्थी पीईटी और डीवी में होंगे शामिल