Home » jammu & kashmir » जम्मू-कश्मीर के शोपियां में 2 लश्कर आतंकियों के मारे जाने की खबर, पहलगाम हमले से जुड़ा था जाकिर अहमद गनी

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में 2 लश्कर आतंकियों के मारे जाने की खबर, पहलगाम हमले से जुड़ा था जाकिर अहमद गनी

शोपियां में 2 लश्कर आतंकी मारे जाने की खबर

Shopian Encounter News: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के सैदपोरा इलाके में शनिवार शाम से सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।बताया जा रहा है कि मारे गए आतंकियों में जाकिर अहमद गनी और उसका साथी लतीफ भट शामिल हैं। जाकिर अहमद गनी उन 14 स्थानीय आतंकियों की सूची में शामिल था, जिसे पहलगाम आतंकी हमले के बाद खुफिया एजेंसियों ने जारी किया था।

आतंकियों के छिपे होने की मिली थी सूचना

सुरक्षाबलों को जानकारी मिली थी कि शोपियां के सैदपोरा पायीन के पास स्थित छानपोरा इलाके में कुछ आतंकी छिपे हुए हैं। इसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी शुरू की।जब सुरक्षाबल आतंकियों के ठिकाने के करीब पहुंचे, तो आतंकियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ शुरू हो गई।

यह मुठभेड़ 4 जुलाई की शाम करीब 7:45 बजे शुरू हुई थी। अंधेरा बढ़ने के कारण रात में सर्च ऑपरेशन और एनकाउंटर को कुछ समय के लिए रोक दिया गया। अब तक आतंकियों के शव भी बरामद नहीं किए जा सके हैं।

Shopian Encounter News: विक्टर फोर्स ने संभाली कार्रवाई

यह पूरा ऑपरेशन शुक्रवार दोपहर शुरू हुआ था। सात गांवों वाले मीमंदर इलाके के एक बाग में लगे सेना के निगरानी कैमरे में दो संदिग्ध आतंकी दिखाई दिए थे। इसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कई टीमों ने पूरे इलाके को घेर लिया।सुरक्षा कारणों से शाम तक आसपास के चार गांवों को खाली करा लिया गया। सेना की विशेष आतंकवाद-रोधी यूनिट ‘विक्टर फोर्स’ ने बाग के चारों ओर अतिरिक्त जवान तैनात किए, ताकि आतंकियों के भागने के सभी संभावित रास्तों को बंद किया जा सके। पूरे इलाके में रोशनी का भी विशेष इंतजाम किया गया।जब जवान आगे बढ़े, तो आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से फायरिंग हुई और मुठभेड़ तेज हो गई।

Shopian Encounter News: शोपियां में 2 लश्कर आतंकी मारे जाने की खबर
शोपियां में 2 लश्कर आतंकी मारे जाने की खबर

जाकिर का नाम कई मामलों से जुड़ा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जाकिर अहमद गनी कुलगाम जिले के मुतलहम गांव का रहने वाला था। सुरक्षा एजेंसियों ने उसे दक्षिण कश्मीर में अन्य आतंकियों के साथ ट्रैक किया था। उसका नाम पाकिस्तान से जुड़े कई आतंकी हमलों में भी सामने आया था।

अक्टूबर 2025 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की अदालत ने उसके खिलाफ नोटिस जारी किया था। हाल ही में उसका नाम अप्रैल 2026 के पहलगाम आतंकी हमले की जांच में भी सामने आया था। पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कश्मीर के 14 स्थानीय आतंकियों की सूची जारी की थी और उनके घरों पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरा दिया गया था।सुरक्षा रिकॉर्ड के अनुसार, जाकिर 2024 से लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था, जबकि लतीफ भट पिछले वर्ष इस आतंकी संगठन में शामिल हुआ था।

14 आतंकियों में से 9 के मारे जाने की खबर

अगर जाकिर अहमद गनी के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि हो जाती है, तो वह पहलगाम हमले के बाद जारी 14 स्थानीय आतंकियों की सूची में नौवां आतंकी होगा, जिसे सुरक्षाबलों ने ढेर किया है।इससे पहले मई 2025 में शोपियां और पुलवामा में हुए अलग-अलग एनकाउंटर में छह आतंकियों को मार गिराया गया था। अब सूची में शामिल बाकी पांच आतंकियों की तलाश जारी है।

Shopian Encounter News: पहलगाम हमले के बाद सेना के प्रमुख ऑपरेशन

ऑपरेशन सिंदूर (7 मई 2025)

पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में स्थित नौ आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की। भारत सरकार के अनुसार, इस ऑपरेशन में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए। जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के कई ठिकानों को निशाना बनाया गया। इस अभियान में छह भारतीय जवान शहीद हुए थे, जिसकी जानकारी बाद में सार्वजनिक की गई।

ऑपरेशन केलर (13 मई 2025)

शुकेल-केलर और शोपियां इलाके में राष्ट्रीय राइफल्स, भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। इस ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादी मारे गए, जिनमें संगठन का टॉप कमांडर शाहिद कुट्टे भी शामिल था। उसकी मौत को दक्षिण कश्मीर में लश्कर नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना गया।

ऑपरेशन महादेव (28 जुलाई 2025)

श्रीनगर के हरवन-दाचीगाम स्थित महादेव रिज क्षेत्र में राष्ट्रीय राइफल्स, पैरा स्पेशल फोर्सेज, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। इसमें तीन पाकिस्तानी आतंकवादी सुलेमान शाह (फैसल जट्ट), अबू हमजा और यासिर (जिब्रान) मारे गए। सरकार ने दावा किया था कि ये आतंकी पहलगाम हमले में शामिल थे।

ऑपरेशन अखल (अगस्त 2025)

कुलगाम के अखल जंगल में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने संयुक्त अभियान चलाया। इस ऑपरेशन में तीन आतंकियों को मार गिराया गया। यह कार्रवाई दक्षिण कश्मीर के जंगलों में सक्रिय आतंकी मॉड्यूल को खत्म करने के लिए की गई थी।

ऑपरेशन गुड्डर (7–17 सितंबर 2025)

कुलगाम के गुड्डर जंगल में चिनार कॉर्प्स, CRPF, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान दो आतंकी मारे गए। ऑपरेशन में सेना के दो जवान, सूबेदार प्रभात गौर और लांस नायक नरेंद्र सिंधु, शहीद हो गए थे।

ऑपरेशन शेरोवाली (जून 2026)

दक्षिण कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ चलाया जा रहा ऑपरेशन शेरोवाली अभी भी जारी है। इस अभियान के तहत सुरक्षा बल आतंकियों के साथ-साथ उनके मददगारों पर भी कार्रवाई कर रहे हैं। लगातार तलाशी अभियान चलाकर आतंकी ठिकानों का पता लगाया जा रहा है और उन्हें नष्ट किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें…हरियाणा के बहादुरगढ़ में हांसी हत्याकांड के दो इनामी आरोपियों का एनकाउंटर, एक पुलिसकर्मी घायल