Sikkim Tunnel Collapse: सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग पर हुए भूस्खलन ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। सुरंग के अंदर कई मजदूर फंस गए। नामची की पुलिस अधीक्षक (SP) सोनम डोलमा ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब 27 लोगों के सुरंग के अंदर फंसे होने की आशंका है। हालांकि यह संख्या जांच के साथ बदल सकती है। अब तक घटनास्थल से 10 शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें से अधिकांश की पहचान हो चुकी है, लेकिन तीन लोगों की पहचान अभी बाकी है और इसकी प्रक्रिया जारी है।
शवों की पहचान जारी
एसपी सोनम डोलमा ने बताया कि प्रशासन मृतकों की पहचान होने के बाद उनके परिवारों और परिजनों से संपर्क कर रहा है, ताकि शव उन्हें सौंपे जा सकें। अब तक जिन लोगों की पहचान हुई है, उनमें तीन पश्चिम बंगाल के, एक उत्तराखंड का, एक असम का और एक सिक्किम के नामची जिले का स्थानीय निवासी शामिल है।
हादसे की वजह की होगी जांच
घटना के कारणों को लेकर एसपी सोनम डोलमा ने कहा कि अभी किसी नतीजे पर पहुंचना सही नहीं होगा। उन्होंने बताया कि हादसे की असली वजह जानने के लिए विशेषज्ञों की मदद से विस्तृत जांच की जाएगी। फिलहाल प्रशासन का सबसे बड़ा लक्ष्य जल्द से जल्द राहत और बचाव अभियान पूरा करना है।
कई एजेंसियां बचाव में जुटीं
हादसे के बाद कई सरकारी एजेंसियां मौके पर राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं। पाकयोंग और सिलीगुड़ी से NDRF की टीमें घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। उनके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी मौके पर मौजूद हैं। इसके अलावा रंगपो, पाकयोंग और सिंगतम की स्थानीय पुलिस सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंची। फायर सर्विस, सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SSDMA) और अन्य विभाग भी बचाव अभियान में लगातार काम कर रहे हैं।
Following the tragic incident at the under-construction tunnel of the NHPC Teesta Stage VI Hydroelectric Project at Samardung, Jholungey, in Namchi District, Hon'ble Prime Minister Shri Narendra Modi Ji spoke with me to enquire about the situation and the ongoing rescue…
— Prem Singh Tamang (Golay) (@PSTamangGolay) July 21, 2026
बारिश बनी सबसे बड़ी चुनौती
एसपी ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बचाव कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सुरंग के अंदर पानी भर जाने से राहतकर्मियों को काम करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
पीएम मोदी ने सीएम तमांग से की बात
हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात की। उन्होंने घटना की जानकारी ली और चल रहे बचाव कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री तमांग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि नामची जिले के समरडुंग, झोलुंगे में NHPC तीस्ता स्टेज-VI हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे को लेकर प्रधानमंत्री ने चिंता जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रभावित कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिया। इससे राज्य के लोगों को हिम्मत और भरोसा मिला है।
Anguished by the loss of lives due to the collapse of an under-construction tunnel in Namchi, Sikkim. I extend my deepest condolences to the bereaved families. I pray that those injured recover at the earliest.
An ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to the next of…
— PMO India (@PMOIndia) July 21, 2026
मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया। वहीं हादसे में घायल लोगों को 50,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने X पर जारी पोस्ट में कहा कि नामची में निर्माणाधीन सुरंग ढहने से हुई मौतों पर गहरा दुख है। साथ ही घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की गई।
अमित शाह ने भी लिया हालात का जायजा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात कर नामची सुरंग हादसे की जानकारी ली। उन्होंने बचाव कार्यों की प्रगति और मौजूदा हालात की समीक्षा की। गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि राहत और बचाव कार्यों के साथ-साथ प्रभावित लोगों की हर संभव मदद के लिए केंद्र सरकार पूरी सहायता उपलब्ध कराएगी।अब तक इस हादसे में 10 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि सुरंग के अंदर अन्य लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है।
यह भी पढ़े…दिल्ली की लोधी कॉलोनी के घर में लगी आग, मां समेत दो बेटियों की दर्दनाक मौत








