Delhi Fire Incident: दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में एक घर में भीषण आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस आग में एक मां और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, सुबह 10:21 बजे दमकल विभाग को आग लगने की सूचना मिली थी। यह घटना लोधी थाना क्षेत्र की बीके दत्त कॉलोनी में हुई। दमकल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद 11:10 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि तब तक तीन लोगों की जान जा चुकी थी।
फतेह नगर में भी लगी थी आग
इसी दिन सुबह दिल्ली के फतेह नगर इलाके में एक पार्किंग में भी आग लग गई थी। यह घटना सुबह करीब 3:50 बजे हुई। आग की चपेट में आने से पार्किंग में रखे 2 एलपीजी सिलेंडर फट गए, जिससे जोरदार धमाका हुआ और कई वाहन आग की लपटों में घिर गए।इस हादसे में 4 वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई। आग बुझाने के लिए दमकल की 9 गाड़ियों को लगाया गया, जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
5 जुलाई को फैक्ट्री में लगी थी भीषण आग
इससे पहले 5 जुलाई को दिल्ली के चंदन होला इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में भी भीषण आग लगी थी। आग इतनी बड़ी थी कि इसे बुझाने में 8 घंटे से ज्यादा समय लग गया।करीब 5,000 वर्ग गज में फैली इस फैक्ट्री को आग से भारी नुकसान पहुंचा था। आग बुझाने के लिए दमकल की 30 गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं और लंबे प्रयास के बाद स्थिति पर काबू पाया गया था।
मजदूरों के कैंप में भी लगी थी आग
वहीं, 24 जून को उद्योग भवन इलाके के पास बने मजदूरों के अस्थायी कैंप में भी भीषण आग लग गई थी। इस आग में करीब 200 मजदूरों के अस्थायी घर जलकर राख हो गए थे।दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मेहनत के बाद आग बुझाई थी। इस हादसे में बड़ी मात्रा में सामान जल गया था, लेकिन किसी की मौत नहीं हुई थी।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
दिल्ली में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। इससे पहले तुगलकाबाद की एक पांच मंजिला इमारत में भी भीषण आग लगी थी। उस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 8 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था।
यह भी पढ़े…यूक्रेन के पास मालवाहक जहाज पर हमला, 4 भारतीय नाविकों की मौत: भारत ने रूस के राजनयिक को किया तलब








