Sonam Wangchuk: सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल ले जाने के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई करते हुए कहा कि स्वास्थ्य स्थिति और पहले दिए गए अदालत के आदेश को देखते हुए उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाना पहली नजर में मनमाना नहीं कहा जा सकता। अदालत ने केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस को तीन दिन के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई 24 जुलाई को होगी।
Sonam Wangchuk: पत्नी ने निजी अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग की-
वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने अदालत में मांग की कि उन्हें सफदरजंग अस्पताल से किसी निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया जाए। उनका कहना है कि वांगचुक की तबीयत गंभीर नहीं थी और उन्हें जबरन अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने परिवार की सहमति के बिना इलाज नहीं करने की भी मांग की।
Sonam Wangchuk: कोर्ट ने क्या कहा-
हाईकोर्ट ने कहा कि वांगचुक कई दिनों से भूख हड़ताल पर हैं और डॉक्टर उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं। अदालत के अनुसार, उन्हें केवल वही दवाएं और उपचार दिए जा रहे हैं, जिनके लिए उन्होंने सहमति दी है। इसलिए फिलहाल सरकारी कार्रवाई को मनमाना नहीं माना जा सकता।
सरकार का पक्ष-
केंद्र सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) चेतन शर्मा ने कहा कि लंबे समय से भूख हड़ताल के कारण वांगचुक की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर AIIMS में शिफ्ट करने पर भी विचार किया जा सकता है।
सिब्बल ने उठाए सवाल-
वांगचुक की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कहा कि ऐसा कोई मेडिकल रिकॉर्ड नहीं है जिससे यह साबित हो कि उनकी हालत इतनी गंभीर थी कि उन्हें जबरन अस्पताल ले जाना जरूरी था। उन्होंने कहा कि वांगचुक को अपनी पसंद के अस्पताल में इलाज कराने का अधिकार है।
जंतर-मंतर से अस्पताल तक की कार्रवाई-
दिल्ली पुलिस शनिवार सुबह वांगचुक को जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल लेकर गई थी। पुलिस का कहना है कि यह कदम अदालत के निर्देश और डॉक्टरों की सलाह के आधार पर उठाया गया। वहीं वांगचुक समर्थकों ने कार्रवाई को जबरन हिरासत जैसा बताया।
संसद मार्च को लेकर सुरक्षा बढ़ी-
CJP ने 20 जुलाई को संसद मार्च का ऐलान किया है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संसद तक मार्च की अनुमति नहीं दी जाएगी। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और RAF की तैनाती की गई है।
अस्पताल ने जारी किया हेल्थ अपडेट-
सफदरजंग अस्पताल के अनुसार, सोनम वांगचुक के सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेत फिलहाल स्थिर हैं। हालांकि ब्लड रिपोर्ट के कुछ मानक सामान्य से अलग हैं और डॉक्टर लगातार उन्हें उपचार में सहयोग करने के लिए समझा रहे हैं।
यह भी पढ़े- पुंछ-किश्तवाड़ में बादल फटने से 11 की मौत, कई राज्यों में बारिश-बाढ़ का कहर








