Sugarcane Juice: गर्मियों का मौसम शुरू होते ही गन्ने के जूस की मांग काफी बढ़ जाती है। इसका स्वाद मीठा और ठंडक देने वाला होता है, जिससे शरीर को तुरंत एनर्जी मिलती है। बहुत से लोग इसे सेहतमंद मानकर रोजाना पीते हैं। लेकिन मेडिकल और वैज्ञानिक नजरिए से देखें तो हर चीज हर व्यक्ति के लिए फायदेमंद नहीं होती। गन्ने का जूस भी कुछ लोगों के लिए फायदा देने की बजाय नुकसान पहुंचा सकता है।
डायबिटीज मरीजों के लिए खतरा
जिन लोगों को डायबिटीज (शुगर की बीमारी) है, उनके लिए गन्ने का जूस बेहद हानिकारक हो सकता है। इसमें ग्लूकोज और सुक्रोज की मात्रा बहुत ज्यादा होती है। जब यह शरीर में जाता है, तो ब्लड शुगर का लेवल तेजी से बढ़ा देता है, जिससे स्थिति खतरनाक हो सकती है। शुगर अचानक बढ़ने से थकान, चक्कर आना और कई अन्य समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए डॉक्टर अक्सर डायबिटीज मरीजों को मीठे पेय से दूर रहने की सलाह देते हैं।

वजन बढ़ने और मोटापे का जोखिम
जो लोग वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं या पहले से मोटापे से परेशान हैं, उनके लिए भी गन्ने का जूस सही विकल्प नहीं माना जाता। हालांकि यह प्राकृतिक होता है, लेकिन इसमें कैलोरी काफी अधिक होती है, जो शरीर में जाकर फैट के रूप में जमा हो सकती है। इसके अलावा मीठे ड्रिंक्स दिमाग को भूख बढ़ाने वाले संकेत देते हैं, जिससे व्यक्ति जरूरत से ज्यादा खाना खाने लगता है। ऐसे में वजन घटाने की प्रक्रिया और मुश्किल हो सकती है।
Sugarcane Juice: कमजोर पाचन तंत्र वालों के लिए सावधानी
जिन लोगों का पाचन तंत्र कमजोर है, उन्हें भी गन्ने का जूस सावधानी से पीना चाहिए। कई बार यह जूस खुले में बनाया और बेचा जाता है, जिससे इसमें बैक्टीरिया या अन्य हानिकारक सूक्ष्म जीव मिल सकते हैं। इससे पेट में गैस, सूजन, दर्द और दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

किडनी और लिवर के मरीजों पर अतिरिक्त दबाव
इसके अलावा, किडनी और लिवर की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए भी गन्ने का जूस नुकसानदायक हो सकता है। इन बीमारियों में शरीर पहले से ही विषैले पदार्थों को बाहर निकालने और पोषक तत्वों को संतुलित रखने में संघर्ष करता है। ऐसे में ज्यादा शुगर का सेवन शरीर पर अतिरिक्त दबाव डालता है, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है और स्वास्थ्य समस्याएं गंभीर रूप ले सकती हैं।
ये भी पढ़ें…क्या वजन घटाने के लिए कार्बोहाइड्रेट को पूरी तरह छोड़ना सही है या गलत? जान लें एक्सपर्ट्स की राज








