Tamilnadu politics: तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। विपक्षी दल AIADMK को झटका देते हुए उसके 300 से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आधिकारिक तौर पर तमिलगा वेट्ट्री कज़गम (TVK) की सदस्यता ग्रहण कर ली। पनैयूर स्थित TVK मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कई पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी पार्टी में शामिल हुए। TVK में शामिल होने वाले नेताओं ने कहा कि AIADMK में रहते हुए वे जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम नहीं कर पा रहे थे। उनका मानना है कि TVK के नेतृत्व में उन्हें जनता की सेवा करने का बेहतर अवसर मिलेगा।
कई बड़े चेहरे छोड़ गए AIADMK
TVK में शामिल होने वालों में AIADMK के पूर्व मंत्री वेल्लमंडी नटराजन, आनंदन, पूर्व विधायक नटराज, साधन प्रभाकर, अन्ना ट्रेड यूनियन फेडरेशन के राज्य सचिव कमलाक्कन्नन और अन्य कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे। इसके अलावा 300 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी बदलकर TVK का दामन थामा। इस मौके पर TVK के कई वरिष्ठ नेता और तमिलनाडु सरकार के मंत्री भी मौजूद रहे।
Tamilnadu politics: ‘AIADMK में जनता की सेवा नहीं कर पा रहे थे’
AIADMK छोड़कर TVK में शामिल हुए पूर्व मंत्री उदुमलाई राधाकृष्णन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के निधन के बाद पार्टी पहले जैसी नहीं रही। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से वे पार्टी में कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे थे और जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से नहीं उठा पा रहे थे। राधाकृष्णन ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व में एमजी रामचंद्रन (MGR) और जयललिता की कार्यशैली की झलक दिखाई देती है। यही वजह है कि उन्होंने TVK में शामिल होने का फैसला लिया।
Tamilnadu politics: स्थानीय निकाय चुनावों पर TVK की नजर
TVK में शामिल हुए नेताओं ने कहा कि वे पार्टी को मजबूत करने और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में जीत दिलाने के लिए पूरी मेहनत करेंगे। उन्होंने नेतृत्व द्वारा दी जाने वाली हर जिम्मेदारी को निभाने का भरोसा भी जताया। राधाकृष्णन ने दावा किया कि आने वाले समय में AIADMK के कई और वरिष्ठ नेता तथा जिला स्तरीय पदाधिकारी भी TVK में शामिल हो सकते हैं।
मंत्री सेंगोत्तैयान का बड़ा दावा
Tamilnadu politics: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सेंगोत्तैयान ने कहा कि तमिलनाडु की जनता ने बदलाव के लिए वोट दिया है और मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। उन्होंने दावा किया कि TVK ने बेहद कम समय में बड़ी राजनीतिक सफलता हासिल की है और राज्य में पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता स्वच्छ और प्रभावी प्रशासन चाहती है तथा TVK इसी दिशा में काम कर रही है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी पार्टी का प्रभाव तमिलनाडु की राजनीति में बना रहेगा।
ये भी पढ़ें: गोंडा में गरजे CM योगी, बोले- दंगाइयों ने उत्सव रोकने की कोशिश की तो वर्तमान ही नहीं, भविष्य भी होगा स्वाहा








