Telangana Accident: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। सतवार के पास तेज रफ्तार टैंकर ने एक ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 5 महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
ऑटो में 12 खेतिहर मजदूर थे
जानकारी के मुताबिक, ऑटो में कुल 12 लोग सवार थे। ये सभी कर्नाटक के बीदर जिले से जुड़े खेतिहर मजदूर बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए आगे आते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।हादसे की जानकारी मिलते ही तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को अस्पताल में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी दिए।
मृतकों में 5 महिलाएं शामिल
पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि हादसे के समय ऑटो में अधिकतर महिलाएं सवार थीं। मृतकों की पहचान कर्नाटक के बीदर जिले के राजगेरा गांव के निवासियों के रूप में हुई है।मृतकों की पहचान रेखा, श्रीदेवी, कविता, रेशमा, निकिता और ऑटो चालक देवदास के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में निर्मला, तुलजम्मा, चंद्रकला, राधिका, शिल्पा और शोभा शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गंभीर घायलों की वजह से बढ़ सकती है संख्या
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भेजा। पुलिस के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। ऐसे में बुधवार तक मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।इसी बीच मंगलवार रात एक अन्य सड़क दुर्घटना भी हुई। कोहिर मंडल के कावेली में एनएच-65 पर एक कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार सामने से आ रहे वाहनों से जा भिड़ी।इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसे में कम से कम चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने इस घटना की भी जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े- Noise ने गेमिंग हेडफोन सेगमेंट में मारी एंट्री, 40 घंटे की बैटरी के साथ Clutch HP-P01 लॉन्च








