Home » तेलंगाना » DSP की काली कमाई का खुलासा: सोना, चांदी, 50 एकड़ से ज्यादा जमीन और करोड़ों की संपत्तियों के दस्तावेज मिले

DSP की काली कमाई का खुलासा: सोना, चांदी, 50 एकड़ से ज्यादा जमीन और करोड़ों की संपत्तियों के दस्तावेज मिले

तेलंगाना DSP पर ACB की बड़ी रेड

Telangana News: तेलंगाना में एक डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) संकीरेड्डी भीम रेड्डी पर अपनी ज्ञात आय से कहीं अधिक संपत्ति बनाने का आरोप लगा है। आरोपों के अनुसार, उन्होंने विला, लग्जरी फ्लैट, कमर्शियल प्रॉपर्टी, 50 एकड़ से अधिक जमीन, नकदी, सोना और कई निवेश जुटाए हैं। इन आरोपों के आधार पर एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB) ने आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया और गुरुवार को 16 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की।

रिश्तेदारों और सहयोगियों के ठिकानों पर भी कार्रवाई

ACB ने हैदराबाद में पुलिस कंप्यूटर सर्विसेज में तैनात DSP संकीरेड्डी भीम रेड्डी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (2018 में संशोधित) की धारा 13(1)(b) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि अधिकारी ने नौकरी के दौरान भ्रष्ट और गलत तरीकों से अपनी आय से अधिक संपत्ति अर्जित की। इसी सिलसिले में उनके घर के अलावा रिश्तेदारों, दोस्तों, कथित बेनामीदारों और सहयोगियों से जुड़े 15 अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की गई।

Telangana News: कई विला, फ्लैट और कमर्शियल प्रॉपर्टी मिली

जांच के दौरान ACB को कई कीमती संपत्तियों की जानकारी मिली। इनमें इब्राहिमबाग के वेसेला मीडोज में एक विला, टेलीकॉम नगर में पेंटहाउस वाला G+2 मकान और एक अन्य फ्लैट, गाचीबोवली के क्रांति सियोन अपार्टमेंट्स में एक फ्लैट, तेल्लापुर में दो फ्लैट, मणिकोंडा के लैंकोहिल्स रोड स्थित G+5 कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में हिस्सा, मणिकोंडा मरिचेट्टू जंक्शन के पास 3,000 वर्ग फीट की कमर्शियल जगह और नागोल, पटनचेरु, प्रगति रिसॉर्ट्स तथा मोमिनपेट में कई खाली प्लॉट शामिल हैं।

Telangana News:  तेलंगाना DSP पर ACB की बड़ी रेड
तेलंगाना DSP पर ACB की बड़ी रेड

तेलंगाना और कर्नाटक में जमीन का पता चला

ACB को जांच के दौरान कई कृषि और अन्य जमीनों से जुड़े दस्तावेज भी मिले। इनमें संगारेड्डी जिले के जहीराबाद में 3.5 एकड़ कृषि भूमि, कर्नाटक में 6 एकड़ और 38 एकड़ जमीन, बेंगलुरु के पास देवनहल्ली में 1 एकड़ जमीन, विकाराबाद जिले के मोमिनपेट में 2 एकड़ और मुचिंताला गांव में 4.20 एकड़ जमीन शामिल है। जांच में यह भी सामने आया कि अधिकारी ने राघवेंद्र रॉक सैंड मिनरल्स में 75 लाख रुपये का निवेश किया था।

43 लाख रुपये नकद और सोना-चांदी बरामद

छापेमारी के दौरान ACB ने DSP के घर से करीब 3.6 लाख रुपये नकद बरामद किए। वहीं, एक कथित बेनामीदार के घर से 40 लाख रुपये नकद मिले। इस तरह कुल करीब 43.6 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। इसके अलावा करीब 2 किलोग्राम सोने के आभूषण, लगभग 20 किलोग्राम चांदी के सामान और करीब 19.91 लाख रुपये का बैंक बैलेंस भी मिला।

विदेशी शराब भी मिली, जांच जारी

ACB के अनुसार, बरामद अचल संपत्तियों की वास्तविक बाजार कीमत उनके रजिस्टर्ड मूल्य से कई गुना अधिक हो सकती है। जांच के दौरान अधिकारी के घर से विदेशी शराब की 23 बोतलें भी मिलीं। इस संबंध में आगे की कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग को सूचना दे दी गई है। फिलहाल मामले में अन्य संपत्तियों की भी जांच की जा रही है और जांच जारी है।

ये भी पढ़ें…उत्तर प्रदेश: एटा में खड़ी रोडवेज बस से तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर, 4 यात्रियों की मौत