Home » तेलंगाना » तेलंगाना में दर्दनाक सड़क हादसा: कंटेनर से टकराई प्राइवेट बस, 6 यात्रियों की मौत, 20 घायल; सीएम रेवंत रेड्डी ने जताया दुख

तेलंगाना में दर्दनाक सड़क हादसा: कंटेनर से टकराई प्राइवेट बस, 6 यात्रियों की मौत, 20 घायल; सीएम रेवंत रेड्डी ने जताया दुख

सूर्यापेट में भीषण बस हादसा, 5 की मौत

Telangana Bus Accident: तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर एक प्राइवेट बस पीछे से कंटेनर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सुबह करीब 5:20 बजे हुई टक्कर

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना सूर्यापेट जिले के कोडाड मंडल में दुर्गापुरम स्टेज के पास हुई। हादसा बुधवार सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि प्राइवेट बस हैदराबाद से विजयवाड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस ने पीछे से एक कंटेनर को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे के वक्त बस में कुल 42 यात्री सवार थे।

टक्कर से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

कंटेनर से टकराने के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और राहगीर वहां पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में मदद करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। हालांकि, पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, करीब 20 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने संभाला राहत और बचाव कार्य

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लिया और घायलों को जल्द से जल्द नजदीकी अस्पतालों में भेजा।घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए विजयवाड़ा भेजा गया है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

सूर्यापेट में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दुख व्यक्त किया है। तेलंगाना मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, रेवंत रेड्डी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई।मुख्यमंत्री ने राज्य के मुख्य सचिव को घायलों के लिए बेहतर इलाज और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

यह भी पढ़े- पंजाब में स्कूल शिक्षकों की सैलरी में 120% का इजाफा, भगवंत मान का बड़ा फैसला