Home » पश्चिम बंगाल » TMC नेता सुकुमार दत्ता को कोर्ट ले जाते समय हंगामा, BJP कार्यकर्ताओं ने फेंके अंडे

TMC नेता सुकुमार दत्ता को कोर्ट ले जाते समय हंगामा, BJP कार्यकर्ताओं ने फेंके अंडे

Tmc leader: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में गुरुवार को उस समय माहौल गर्म हो गया, जब गिरफ्तार टीएमसी नेता सुकुमार दत्ता को अदालत में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक थाना परिसर के बाहर जमा हो गए और उनके खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने सुकुमार दत्ता पर अंडे भी फेंके।

भ्रष्टाचार और वसूली के आरोप में हुई गिरफ्तारी

जानकारी के मुताबिक, सुकुमार दत्ता के खिलाफ भ्रष्टाचार, लोगों में भय का माहौल बनाने और कथित वसूली (तोलाबाजी) जैसे गंभीर आरोपों को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर दुर्गापुर के न्यू टाउनशिप थाना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। गुरुवार सुबह पुलिस उन्हें थाने से निकालकर दुर्गापुर महकमा अदालत में पेशी के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान भाजपा समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

Tmc leader: अदालत ले जाते समय फेंके गए अंडे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने सुकुमार दत्ता को निशाना बनाकर अंडे फेंके। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालात को बिगड़ता देख पुलिस ने अतिरिक्त बल की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया और सुकुमार दत्ता को सुरक्षित अदालत तक पहुंचाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Tmc leader: राजनीति में बढ़ा विवाद

इस घटना के बाद दुर्गापुर की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। एक तरफ भाजपा कार्यकर्ता टीएमसी नेताओं पर भ्रष्टाचार और वसूली के आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर टीएमसी समर्थक इसे राजनीतिक प्रतिशोध बता रहे हैं। मामले की कानूनी प्रक्रिया जारी है और अदालत में सुनवाई के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

बेड के नीचे छिपने का वीडियो भी आया था सामने

Tmc leader: बताया जाता है कि हाल के दिनों में पश्चिम बंगाल में कई टीएमसी नेताओं के खिलाफ स्थानीय लोगों का गुस्सा देखने को मिला है। इसी क्रम में सुकुमार दत्ता का एक वीडियो भी चर्चा में आया था, जिसमें वह कथित तौर पर लोगों के विरोध के बीच अपने घर में बेड के नीचे छिपे हुए नजर आए थे। स्थानीय लोगों का आरोप था कि उनसे जबरन पैसे वसूले गए थे। विरोध बढ़ने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान कुछ लोगों को कथित तौर पर पैसे लौटाए जाने की भी चर्चा रही, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

 

 

ये भी पढ़े: Indian Army को मिली नई ताकत, 180KM दूर तक दुश्मन के ठिकानों को तबाह करेगा ‘अग्निवेग’ ड्रोन