Home » नई दिल्ली » महिला सांसदों के साथ अभद्रता… TMC सांसद कल्याण बनर्जी को क्यों किया गया लोकसभा से निलंबित?

महिला सांसदों के साथ अभद्रता… TMC सांसद कल्याण बनर्जी को क्यों किया गया लोकसभा से निलंबित?

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी को एक महिला सदस्य के खिलाफ असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने पर बुधवार को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए लोकसभा से निलंबित कर दिया गया। दरअसल, टीएमसी से टूटकर नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) ने कल्याण बनर्जी के खिलाफ लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से शिकायत दी थी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

बनर्जी के खिलाफ कार्रवाई की मांग

दावा है कि कल्याण बनर्जी ने सांसदों के साथ बहस की थी। इस बहस में एनसीपीआई की एक महिला सांसद भी शामिल थीं। हालांकि, इस टकराव की वजह सामने नहीं आई। यह बहस सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद हुई थी। घटना के बाद एनसीपीआई के सदस्यों ने लोकसभा स्पीकर से उनके चैंबर में मुलाकात की और कल्याण बनर्जी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत सौंपी। दोपहर दो बजे सदन की फिर से कार्यवाही शुरू होने पर पीठासीन कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने बताया कि कल्याण बनर्जी ने महिला सांसदों के खिलाफ असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया है। इस संबंध में लोकसभा स्पीकर को लिखित शिकायत मिली है। पीठाधीन कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी के अनुरोध पर केंद्रीय संसदीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कल्याण बनर्जी को लोकसभा से मौजूदा मानसून सत्र के बाकी समय के लिए सस्पेंड करने का प्रस्ताव पेश किया।

महिला सांसदों के साथ अभद्रता

उन्होंने दोहराते हुए कहा कि कल्याण बनर्जी ने महिला सांसदों के साथ अभद्रता और दुर्व्यवहार किया है। उन्हें सत्र की शेष अवधि के लिए सभा की सेवा से निलंबित किया जाए। इसके बाद लोकसभा ने बुधवार को ध्वनि मत से कल्याण बनर्जी को शेष मानसून सत्र की अवधि के लिए निलंबित करने का प्रस्ताव पारित किया। बाद में पीठासीन कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने कल्याण बनर्जी को तुरंत संसद परिसर छोड़ने का निर्देश दिया। कल्याण बनर्जी के खिलाफ सस्पेंशन से जुड़ी कार्यवाही पूरी होने के बाद विपक्ष का हंगामा और बढ़ गया। इसके कारण लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

ये भी पढ़े… दिल्ली में लाठीचार्ज के विरोध में पटना में AISA का मार्च, पुलिस से भारी झड़प के बाद, छोड़े आंसू गैस-वाटर कैनन