Twisha Sharma Death Case: ट्विशा शर्मा की मौत को लेकर सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई अहम खुलासे हुए हैं। AIIMS भोपाल की रिपोर्ट के अनुसार ट्विशा की मौत फांसी लगाने से हुई थी। डॉक्टरों ने इसे “Ante mortem hanging” यानी जीवित अवस्था में फंदा लगने का मामला बताया है।
गर्दन पर मिले फांसी के निशान
रिपोर्ट के मुताबिक 12 मई की रात करीब 8 बजे उनकी मौत हुई। डॉक्टरों को गर्दन पर ऊपर की ओर जाता हुआ लिगेचर मार्क मिला, जो सामान्यतः फांसी के मामलों में देखा जाता है। साथ ही गर्दन की अंदरूनी मांसपेशियों में दबाव और रक्तस्राव के निशान भी पाए गए। हालांकि हायॉइड बोन और गर्दन की अन्य हड्डियां सुरक्षित मिलीं।
Twisha Sharma Death Case: हाथों पर चोट और खरोंच के निशान
पोस्टमार्टम में शरीर पर किसी बड़े संघर्ष या घातक हमले के स्पष्ट निशान नहीं मिले, लेकिन हाथों समेत कुछ हिस्सों पर हल्की चोट और खरोंच के निशान पाए गए हैं। पुलिस अब इन चोटों की वजह का पता लगाने में जुटी है।
एक हफ्ते पहले हुआ था अबॉर्शन
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि मौत से करीब एक सप्ताह पहले ट्विशा का अबॉर्शन हुआ था। वहीं फेफड़ों में सूजन और आंखों में छोटे रक्तस्राव के निशान भी मिले, जिन्हें मेडिकल एक्सपर्ट फांसी के मामलों में सामान्य मानते हैं।
Twisha Sharma Death Case: FSL और DNA रिपोर्ट का इंतजार
डॉक्टरों ने विसरा, खून और अन्य सैंपल सुरक्षित रखे हैं, जिन्हें FSL और DNA जांच के लिए भेजा गया है। इन रिपोर्ट्स से यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत से पहले किसी नशे या जहरीले पदार्थ का सेवन हुआ था या नहीं।
जिमनास्टिक रिंग की रस्सी से लटकी मिली थीं ट्विशा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दर्ज है कि ट्विशा शर्मा कथित तौर पर घर की छत पर जिमनास्टिक रिंग की रस्सी से लटकी मिली थीं। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पति और सास पर केस दर्ज
गौरतलब है कि 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 12 मई को कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में मृत मिली थीं। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़े… ईरान युद्ध के बीच PM मोदी और ट्रंप की पहली मुलाकात, जानें कब और कहां होगी बैठक?








