Home » Foreign Affairs » कौन हैं एंडी बर्नहम? साधारण परिवार से निकलकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में सबसे आगे

कौन हैं एंडी बर्नहम? साधारण परिवार से निकलकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में सबसे आगे

UK Politics: ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के इस्तीफे के बाद ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर एंडी बर्नहम का नाम नए प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे तेजी से उभरकर सामने आया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर उन्हें पार्टी के भीतर कोई बड़ी चुनौती नहीं मिलती है, तो वह जुलाई के मध्य तक देश की कमान संभाल सकते हैं।

17 जुलाई तक प्रधानमंत्री बन सकते हैं एंडी बर्नहम

लेबर पार्टी की आंतरिक प्रक्रिया के तहत 9 जुलाई से नए नेता के लिए नामांकन शुरू होने की संभावना है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति (NEC) इस प्रक्रिया को जल्द पूरा करना चाहती है। ऐसे में यदि एंडी बर्नहम के खिलाफ कोई मजबूत उम्मीदवार मैदान में नहीं आता, तो 17 जुलाई के आसपास उनके प्रधानमंत्री बनने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि यदि नेतृत्व के लिए मुकाबला होता है, तो स्थिति बदल भी सकती है।

UK Politics: साधारण परिवार से आते हैं एंडी बर्नहम

एंडी बर्नहम का राजनीतिक सफर किसी बड़े राजनीतिक परिवार से नहीं बल्कि एक आम परिवार से शुरू हुआ। उनके पिता रॉय ब्रिटिश टेलीकॉम में टेलीफोन इंजीनियर थे, जबकि उनकी मां आइलीन मेडिकल रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थीं। बर्नहम का बचपन मैनचेस्टर और लिवरपूल के बीच स्थित कल्चेथ गांव में बीता। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई पर पूरा ध्यान दिया और बाद में कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा प्राप्त की। वह अपने परिवार के उन पहले सदस्यों में शामिल रहे जिन्होंने यूनिवर्सिटी तक पहुंच बनाई।

UK Politics: राजनीति में कैसे बने बड़ा चेहरा?

एंडी बर्नहम लंबे समय से लेबर पार्टी से जुड़े हुए हैं और उत्तर इंग्लैंड की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई और कई स्थानीय मुद्दों पर खुलकर आवाज उठाई। हाल ही में मेकरफील्ड संसदीय सीट पर मिली जीत ने उनकी राजनीतिक ताकत को और बढ़ा दिया। इसके बाद से ही उन्हें लेबर पार्टी के अगले नेता और संभावित प्रधानमंत्री के रूप में देखा जाने लगा।

कीर स्टारमर पर क्यों बढ़ा इस्तीफे का दबाव?

UK Politics: मई में हुए स्थानीय काउंसिल चुनावों में लेबर पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कीर स्टारमर की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठने लगे थे। पार्टी के भीतर भी असंतोष बढ़ रहा था और नेतृत्व परिवर्तन की मांग तेज हो गई थी। इसी दौरान एंडी बर्नहम का राजनीतिक कद तेजी से बढ़ा, जिससे पार्टी के भीतर सत्ता परिवर्तन की चर्चा तेज हो गई। अब माना जा रहा है कि लेबर पार्टी की अगली कमान बर्नहम के हाथों में जा सकती है।

 

 

ये भी पढ़ें: लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में भीषण आग, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे छात्र