Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » Up accident news: तेज रफ्तार डंपर पलटा, एक ही परिवार के 7 सदस्यों की दर्दनाक मौत

Up accident news: तेज रफ्तार डंपर पलटा, एक ही परिवार के 7 सदस्यों की दर्दनाक मौत

Up accident news: सहारनपुर जिले के थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खनिज से भरा एक तेज रफ्तार डंपर अचानक अनियंत्रित होकर एक कार पर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार एक ही परिवार के सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक राहगीर भी इसकी चपेट में आ गया, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए, जिससे सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ पहुंचकर भीड़ को शांत कराने और जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मौके पर उच्च अधिकारियों के आने की मांग पर अड़े रहे।

Up accident news: अंतिम संस्कार में जा रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, सैयद माजरा निवासी महेंद्र सैनी के साले का गुरुवार रात निधन हो गया था। शुक्रवार सुबह महेंद्र अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ अंतिम संस्कार के लिए निकले थे। कार में महेंद्र सैनी, उनकी पत्नी रानी देवी, बेटा संदीप (24), बेटी जूली (27), दामाद शेखर कुमार (28), पोता (4 वर्ष), साली का बेटा विपिन (20) और रिश्तेदार राजू सैनी (27) सवार थे। गांव से कुछ दूरी पर ही तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर उनकी कार पर पलट गया। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर पूरा इलाका दहल उठा। कार कुछ ही सेकंड में पूरी तरह पिचक गई और अंदर बैठे सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

 सीएम ने जताया शोक, राहत कार्य जारी

हादसे की जानकारी मिलते ही CO सदर, थाना पुलिस और ट्रैफिक टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कार को हटाने और शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ अधिक होने की वजह से आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जल्द से जल्द राहत कार्यों में तेजी लाई जाए और घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

 

यह भी पढ़ें: Rajashthan judge marrige: संविधान दिवस पर कलेक्टर ऑफिस में हुआ ऐसा फैसला, जिसकी चर्चा हर तरफ होने लगी