UP BJP Internal Clash: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के भीतर गुटबाजी का एक और मामला सामने आया है। कानपुर के बाद अब देवरिया में भी भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। एक नेता के स्वागत के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान लाठी-डंडे चलने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
नेता के स्वागत के दौरान भिड़े कार्यकर्ता
मिली जानकारी के मुताबिक, भाजपा के सोशल मीडिया के राष्ट्रीय सह-संयोजक शिवानंद द्विवेदी के स्वागत के लिए पार्टी कार्यकर्ता जिले की सीमा खरोह के पास एकत्र हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हाथापाई का रूप ले लिया। वायरल वीडियो में कुछ भाजपा कार्यकर्ता एक-दूसरे से गुत्थम-गुत्था करते दिखाई दे रहे हैं। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन स्थिति को तुरंत नियंत्रित नहीं किया जा सका।
एक कार्यकर्ता की लाठी-डंडों से पिटाई
विवाद के दौरान कुछ लोगों ने एक कार्यकर्ता की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि कार्यकर्ता किसी तरह वहां से भागकर बचा। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। जिस समय यह विवाद हुआ, उस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद समेत पार्टी के कई बड़े नेता और पदाधिकारी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं। हालांकि, भाजपा के बड़े पदाधिकारी फिलहाल घटना को लेकर कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रहे हैं।
UP BJP Internal Clash: सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। वीडियो में कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट और मौके पर मौजूद लोगों को स्थिति संभालने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
कानपुर में भी स्वागत कार्यक्रम में हुआ था बवाल
देवरिया की घटना से पहले कानपुर में भी भाजपा के स्वागत कार्यक्रम के दौरान पार्टी के दो नेताओं और उनके समर्थकों के बीच मारपीट हुई थी। भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रभारी शंकरलाल लोधी के पहली बार शहर पहुंचने पर केशव नगर स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया था। बताया गया कि कार्यक्रम में आगे की कुर्सी पर बैठने को लेकर भाजपा दक्षिण जिला संगठन से जुड़े दो नेताओं के बीच पहले कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। देखते ही देखते थप्पड़, लात-घूंसे के साथ जूते-चप्पल भी चलने लगे।
बड़े पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुई इस घटना से कार्यक्रम में अफरातफरी मच गई। बाद में लोगों ने दोनों पक्षों को अलग कराया। पार्टी ने मामले को गंभीर अनुशासनहीनता माना और क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की।
चुनाव से पहले गुटबाजी पर सवाल
कानपुर के बाद देवरिया में सामने आई घटना ने विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के भीतर गुटबाजी और कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ते विवाद को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, देवरिया की घटना पर भाजपा की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना अभी बाकी है। इन घटना पर पार्टी हाईकमान क्या एक्शन लेगी ?
Two BJP factions clashed during a welcome event, resulting in heavy lathi-charge.
During the welcome event for Shivanand Dwivedi, the BJP’s national social media coordinator, two factions within the party clashed in Deoria.
The dispute quickly escalated into a physical… pic.twitter.com/avuRPGWn2M
— Shiva Yadav (@Kshivasp_IND) August 25, 2026








