Home » राष्ट्रीय » यूपी मिशन 2027 पर भाजपा का फोकस, संगठन मजबूत करने में जुटी पार्टी

यूपी मिशन 2027 पर भाजपा का फोकस, संगठन मजबूत करने में जुटी पार्टी

UP BJP Meeting

UP BJP Meeting: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और आगामी चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि भाजपा लगातार जनता के बीच सक्रिय है और विकास के मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी।

संगठन विस्तार और बूथ स्तर पर फोकस

राज्य महासचिव राजेश चौधरी ने बताया कि बैठक का उद्देश्य नए पदाधिकारियों और मोर्चा अध्यक्षों का परिचय कराना तथा संगठन को अधिक मजबूत बनाना था। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिली है। आने वाले दिनों में विस्तृत कार्ययोजना के तहत बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने का काम किया जाएगा।

UP BJP Meeting: विपक्ष पर साधा निशाना

बैठक के दौरान समाजवादी पार्टी के पीडीए अभियान पर भी भाजपा नेताओं ने प्रतिक्रिया दी। राजेश चौधरी ने कहा कि जातीय राजनीति ज्यादा समय तक नहीं चलने वाली है और वर्ष 2027 में जनता इसका जवाब देगी। वहीं राज्य महासचिव अभिजात मिश्रा ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि वर्षभर संगठन और जनसंपर्क के माध्यम से जनता के बीच कार्य करती रहती है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और पिछले वर्षों के विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।

विकास और राष्ट्रवाद को बनाया चुनावी आधार

राज्य मंत्री किरण लोधी निषाद ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद, विकास और संगठनात्मक संस्कृति के आधार पर आगे बढ़ने वाली पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल नारे और परिवारवाद की राजनीति करता है, जबकि भाजपा में हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के दम पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

ये भी पढ़ें…छतरपुर कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ी चूक, राहुल गांधी के पोस्टर में दिखा उल्टा संविधान