UP Divyang Anudan: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मानसिक मंदित और निराश्रित दिव्यांगजनों के लिए बड़ा राहतभरा फैसला लिया है। आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्रों और हाफ वे होम में रहने वाले संवासियों की भरण-पोषण अनुदान राशि ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 प्रति माह कर दी गई है।
UP Divyang Anudan: पौष्टिक भोजन और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर-
गुरुवार को दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थागत देखभाल पर पूरी तरह निर्भर दिव्यांगजनों को पौष्टिक भोजन और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संस्थानों में इन व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
UP Divyang Anudan: हर जिले में लगेंगे सहायक उपकरण वितरण शिविर-
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले में नियमित रूप से दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किए जाएं। जरूरतमंद लाभार्थियों को कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
श्रवण बाधित बच्चों के पुनर्वास पर विशेष ध्यान-
बैठक में मुख्यमंत्री ने श्रवण बाधित बच्चों की समय पर पहचान, काक्लियर इंप्लांट और उसके बाद प्रभावी पुनर्वास व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विशेष विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों की समयबद्ध तैनाती पर भी बल दिया।
12.23 लाख से अधिक दिव्यांगजनों को मिला पेंशन योजना का लाभ-
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 12.23 लाख से अधिक दिव्यांगजन पेंशन योजना से लाभान्वित हुए। इसी अवधि में 34,420 लाभार्थियों को 43,689 सहायक उपकरण वितरित किए गए।
226 बच्चों का हुआ काक्लियर इंप्लांट, कई योजनाएं जारी-
विभाग के अनुसार, अब तक 226 श्रवण बाधित बच्चों का काक्लियर इंप्लांट कराया जा चुका है। वहीं चालू वित्तीय वर्ष में 68 जिलों से 335 बच्चों का चिह्नांकन किया गया है। इसके अलावा निशुल्क मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, विवाह प्रोत्साहन, दुकान संचालन सहायता और रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा जैसी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।








