Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » BSP ने फूंका चुनावी बिगुल, 2027 चुनाव में आकाश आनंद संभालेंगे कमान, जेवर में होगी बड़ी जनसभा

BSP ने फूंका चुनावी बिगुल, 2027 चुनाव में आकाश आनंद संभालेंगे कमान, जेवर में होगी बड़ी जनसभा

BSP ने चुनावी बिगुल फूंका

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बीजेपी, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और राष्ट्रीय लोक दल के साथ अब बहुजन समाज पार्टी ने भी चुनावी अभियान को धार देने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी सुप्रीमो मायावती ने अपने भतीजे और BSP के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को चुनावी अभियान का प्रमुख चेहरा बनाने का फैसला किया है।

संगठन को मजबूत करने पर BSP का फोकस

पार्टी सूत्रों के अनुसार, आकाश आनंद 10 अगस्त को हाथरस जिले की सादाबाद विधानसभा सीट से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वे विधानसभा प्रभारी के नाम की घोषणा करेंगे और कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ बैठक कर 2027 के चुनाव की रणनीति साझा करेंगे। BSP की योजना प्रदेशभर में विधानसभा स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति कर चुनावी तैयारियों को गति देने की है। इसके तहत आकाश आनंद अलग-अलग जिलों में जनसभाएं और संगठनात्मक बैठकें करेंगे। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि 2007 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के बाद BSP लगातार चुनावी चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करना और पारंपरिक वोट बैंक को फिर से एकजुट करना पार्टी की प्राथमिकता है।

सूत्रों के मुताबिक, 10 अगस्त को सादाबाद विधानसभा के लिए अविन शर्मा को विधानसभा प्रभारी घोषित किया जा सकता है। BSP पहले विधानसभा प्रभारियों की घोषणा करती है और चुनाव अधिसूचना जारी होने के बाद उन्हें आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया जाता है।

UP Election 2027: 25 अगस्त को जेवर में होगी बड़ी जनसभा

सादाबाद के बाद BSP का अगला बड़ा कार्यक्रम 25 अगस्त को जेवर में प्रस्तावित है, जहां आकाश आनंद जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में शुरू होने वाला अभियान कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरेगा और 2027 के चुनाव में संगठन को मजबूती देगा। हाथरस जिले की सादाबाद विधानसभा सीट पश्चिमी उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण सीटों में गिनी जाती है। यहां जाट, ब्राह्मण और मुस्लिम मतदाता चुनावी नतीजों में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। विशेष रूप से जाट मतदाताओं का प्रभाव इस सीट पर सबसे अधिक माना जाता है।

सादाबाद विधानसभा सीट पर अब तक 17 विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। कांग्रेस ने यहां पांच बार जीत दर्ज की है, जबकि RLD तीन बार, BJP और जनता दल दो-दो बार चुनाव जीत चुके हैं। BSP, समाजवादी पार्टी, लोक दल, जनता पार्टी, BKD और एक निर्दलीय उम्मीदवार ने एक-एक बार जीत हासिल की है।

2012: समाजवादी पार्टी के देवेंद्र अग्रवाल ने BSP के सतेंद्र शर्मा को 5,187 वोटों से हराया।

2017: BSP के रामवीर उपाध्याय ने RLD के डॉ. अनिल चौधरी को 26,590 वोटों से हराया।

2022: RLD के प्रदीप कुमार सिंह ने BJP के रामवीर उपाध्याय को 6,437 वोटों से मात दी।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले BSP का यह अभियान पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। आकाश आनंद को चुनावी कमान सौंपकर मायावती ने साफ संकेत दिया है कि पार्टी नई रणनीति और नए नेतृत्व के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। अब देखना होगा कि BSP अपने पारंपरिक जनाधार को दोबारा मजबूत कर प्रदेश की राजनीति में कितना प्रभाव छोड़ पाती है।

ये भी पढ़े…  CJP ने फिर क्यों दी प्रदर्शन की चेतावनी? सौरव दास बोले- ‘नए सिरे से होगा आंदोलन’