Home » उत्तर प्रदेश » CM योगी का गौतमबुद्ध नगर दौरा आज! दो बड़ी परियोजनाओं की सौगात से बदल जाएगी पश्चिमी यूपी की तस्वीर

CM योगी का गौतमबुद्ध नगर दौरा आज! दो बड़ी परियोजनाओं की सौगात से बदल जाएगी पश्चिमी यूपी की तस्वीर

UP NEWS: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गौतमबुद्ध नगर के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में करीब 6,750 करोड़ रुपये के निवेश वाली दो बड़ी इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा नोएडा में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करने के साथ विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक भी करेंगे।

6,750 करोड़ के निवेश से बनेगा इलेक्ट्रॉनिक्स हब

मुख्यमंत्री सबसे पहले यमुना सिटी के सेक्टर-10 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी) का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद लगभग 3,220 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली एसेंट सर्किट्स प्राइवेट लिमिटेड की परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इस इकाई में फ्लेक्सिबल पीसीबी, हाई डेंसिटी इंटरकनेक्टेड (एचडीआई) पीसीबी और सेमीकंडक्टर सब्सट्रेट्स का निर्माण किया जाएगा।

UP NEWS: अंबर इंटरप्राइजेज की मेगा यूनिट का भी होगा शिलान्यास

सीएम योगी सेक्टर-8 में करीब 3,532 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित होने वाली अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड की परियोजना का भी शिलान्यास करेंगे। 100 एकड़ में बनने वाली इस यूनिट में कॉपर क्लैड लैमिनेट्स, पीसीबी असेंबली, कंप्यूटर इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरणों का निर्माण किया जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने के साथ हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

इलेक्ट्रॉनिक्स क्लस्टर बनेगा नई पहचान

केंद्र सरकार के सहयोग से विकसित हो रहा 206 एकड़ का इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर प्रदेश की महत्वाकांक्षी औद्योगिक परियोजनाओं में शामिल है। लगभग 417 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में केंद्र सरकार 144 करोड़ रुपये का योगदान दे रही है। क्लस्टर में एंकर यूनिट के रूप में हैवेल्स को पहले ही 50 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है। सरकार का लक्ष्य इसे देश के प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करना है।

UP NEWS: नोएडा में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और समीक्षा बैठक

यमुना सिटी के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री नोएडा के सेक्टर-96 स्थित नए प्रशासनिक भवन का लोकार्पण करेंगे और एमएसएमई कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद मेरठ मंडल की लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम को वह गाजियाबाद स्थित सीआईएसएफ परिसर के लिए रवाना होंगे।

ये भी पढ़े…. हिंद महासागर में भारत का बड़ा दांव! सेशेल्स के लिए रवाना हुए PM मोदी बोले- समुद्री सुरक्षा होगी और मजबूत