Home » उत्तर प्रदेश » मेरठ की काव्य मसीह ने UPCATET-2026 में किया टॉप, कृषि मंत्री ने दी बधाई

मेरठ की काव्य मसीह ने UPCATET-2026 में किया टॉप, कृषि मंत्री ने दी बधाई

UPCATET-2026

UP News: उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा (यूपीसीएटीईटी-2026) का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने परिणाम जारी करते हुए सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं और परीक्षा के समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष संचालन के लिए बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति एस.वी.एस. राजू और उनकी टीम की सराहना की।

उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं 

इस वर्ष स्नातक वर्ग में मेरठ की काव्य मसीह, परास्नातक में बलिया के शिवम यादव और पीएचडी में मऊ के अमन सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा का परिणाम सोमवार को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अपने विधानसभा स्थित कार्यालय में बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति एस.वी.एस. राजू की उपस्थिति में जारी किया। परिणाम घोषित करते हुए कृषि मंत्री ने परीक्षा में सफल सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बांदा कृषि विश्वविद्यालय ने पूरी शुचिता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ परीक्षा का सफल आयोजन कर प्रदेश में एक बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया है। इसके लिए उन्होंने कुलपति और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। इस वर्ष यूपीसीएटीईटी-2026 का आयोजन 17 और 18 जून को प्रदेश के 12 जनपदों में किया गया। स्नातक (यूजी) प्रवेश परीक्षा के लिए 27 परीक्षा केंद्र तथा परास्नातक (पीजी), पीएचडी और एमबीए पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा के लिए 18 केंद्र बनाए गए थे।

रिकॉर्ड समय में परिणाम घोषित

परीक्षा के लिए कुल 18,827 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 16,349 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों में से 14,802 ने सफलता प्राप्त की। सफल अभ्यर्थियों में 73 प्रतिशत पुरुष और 27 प्रतिशत महिला अभ्यर्थी हैं। मेधा सूची में स्नातक वर्ग में मेरठ के कंकरखेड़ा की काव्य मसीह ने प्रथम, कन्नौज की प्राची द्विवेदी ने द्वितीय तथा रामपुर के मोहम्मद कैफ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। परास्नातक वर्ग में बलिया के शिवम यादव प्रथम और उन्नाव की आस्था यादव द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं पीएचडी वर्ग में मऊ के अमन सिंह ने पहला तथा मथुरा के अभिषेक गौतम ने दूसरा स्थान हासिल किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध रखते हुए रिकॉर्ड समय में परिणाम घोषित किया गया, जिससे अब सफल अभ्यर्थियों की काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ाई जाएगी।

ये भी पढ़े… मंत्री दानिश आजाद अंसारी का बड़ा बयान बोले- कांग्रेस ने हमेशा देश को भ्रष्टाचार की ओर धकेलने का काम किया