UP News: मुरादाबाद शहर के मुगलपुरा थाना क्षेत्र के बरबलान इलाके में दिनदहाड़े एक बुर्कानशी महिला के साथ छेड़छाड़ की शर्मनाक घटना सामने आई है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। खास बात यह है कि पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कैसे हुई घटना?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला बुर्का पहनकर अपने किसी काम से गली से गुजर रही थी। इसी दौरान एक युवक उसका पीछा करते हुए पास आया और अचानक उसके साथ अश्लील हरकत कर दी। इस अप्रत्याशित घटना से महिला घबरा गई, लेकिन उसने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का विरोध किया। महिला के विरोध को देखते ही आरोपी मौके से भाग निकला। हालांकि उसकी यह हरकत सीसीटीवी कैमरे में पूरी तरह रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी युवक सिर पर टोपी पहने नजर आ रहा है और उसका चेहरा भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

UP News: वीडियो देख लोगों में आक्रोश
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोग इसे कानून-व्यवस्था की गंभीर चूक बता रहे हैं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं। कई लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है। पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी सिटी का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े… डिजिटल अरेस्ट या उत्पीड़न? बिजनौर में महिला की मौत का सच आया सामने, सुसाइड नोट ने खोला राज








