UP News: रमजान के पवित्र महीने के मद्देनजर मुरादाबाद जिले के मझोला थाना क्षेत्र स्थित नवीन मंडी समिति में खजूर की पैकेजिंग और बिक्री में अनियमितताओं का काला सच सामने आया है। सोशल मीडिया पर खजूर की मिलावट और गलत पैकेजिंग का वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। विभाग ने शहर के विभिन्न गोदामों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है।
बड़े केंद्रों पर की गई छापेमारी
बीते दिन रविवार को हुई कार्रवाई में सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव और मंडलीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी कृष्ण गोपाल यादव के नेतृत्व में टीम ने मंडी स्थित ‘ईशा ट्रेडर्स’, ‘अल-बदूत’ और ‘मेराज फ्रूट्स’ जैसे बड़े केंद्रों पर छापेमारी की। इस दौरान अधिकारियों ने बड़ी मात्रा में बिना बैच नंबर, पैकिंग तिथि और एक्सपायरी डेट के पैक खजूर जब्त किए। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पैकेटों पर आवश्यक जानकारी जैसे बैच नंबर, पैकिंग तिथि और एक्सपायरी डेट अंकित नहीं थी, जो कि खाद्य सुरक्षा मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है। विभाग ने मौके पर खजूर के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेज दिए हैं, साथ ही व्यापार से जुड़े दस्तावेजों की जांच भी जारी है ताकि सप्लाई चेन और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
UP News: रमजान के लिए विशेष अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने रमजान के दौरान नागरिकों तक सिर्फ शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए पूरे मंडल में विशेष महा-अभियान शुरू किया है। अधिकारियों ने बताया कि केवल छापेमारी तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि लैब टेस्टिंग वैन के जरिए चौराहों, बाजारों और स्कूलों में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
मंडी में कार्रवाई की सूचना मिलते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया और कई दुकानदारों ने अपने स्टॉक की खुद जांच शुरू कर दी। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं अधिकारी राजवंश श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया पैकेजिंग में बड़ी अनियमितताएं पाई गई हैं। यदि लैब रिपोर्ट में मिलावट या मानकों की अनदेखी पाई जाती है, तो संबंधित व्यापारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Report BY: सलमान युसूफ






