UP News: पुलिस विभाग में अनुशासन और कार्य के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. ख्याति गर्ग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए सात पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ की गई है जो पिछले एक माह या उससे अधिक समय से बिना किसी सक्षम अनुमति के अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे थे।
पुलिसकर्मी ड्यूटी पर नहीं थे उपस्थित
पुलिस विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, लंबे समय से गैरहाजिर रहने वाले कर्मचारियों की समीक्षा के दौरान यह मामला सामने आया। जांच में पाया गया कि संबंधित पुलिसकर्मी निर्धारित अवधि से लगातार ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए और न ही उन्होंने विभाग को कोई संतोषजनक सूचना उपलब्ध कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई के आदेश जारी किए।
UP News: ये पुलिसकर्मी हुए निलंबित
निलंबित किए गए कर्मचारियों में थाना पसगवां में तैनात उपनिरीक्षक कमला प्रसाद सरोज, थाना ईसानगर के उपनिरीक्षक अनिल वर्मा, मोहम्मदी क्षेत्र के मुख्य आरक्षी पुरुषोत्तम सिंह, यातायात शाखा में तैनात मुख्य आरक्षी संतोष कुमार, थाना हैदराबाद के आरक्षी शैलेंद्र, शारदानगर के आरक्षी आशुतोष रावत तथा साइबर थाना खीरी में तैनात महिला आरक्षी चंचल शामिल हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इन सभी पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति का रिकॉर्ड खंगाला गया, जिसके बाद कार्रवाई का निर्णय लिया गया। पुलिस प्रशासन का मानना है कि पुलिस जैसी अनुशासित सेवा में बिना अनुमति लंबे समय तक अनुपस्थित रहना न केवल सेवा नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

विभागीय जांच के आदेश
निलंबन के साथ-साथ एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने सभी सात पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं। जांच के दौरान उनकी अनुपस्थिति के कारणों, सेवा अभिलेखों और संबंधित परिस्थितियों की विस्तृत पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ सेवा नियमावली के तहत और भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
वहीं स मामले में एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है कि वह अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करे। बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है और ऐसे मामलों को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि आम जनता को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराने के लिए जरूरी है कि विभाग का प्रत्येक कर्मचारी अपने दायित्वों के प्रति सजग और जवाबदेह रहे। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विभागीय कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाती है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
ये भी पढ़े… तालाब में डूब रही युवती को जान पर खेल यूपी पुलिस के जवान ने बचाया, बहादुरी का वीडियो हुआ वायरल








