Home » उत्तर प्रदेश » वसूली के पैसे को लेकर बीच सड़क मारपीट करते 2 होमगार्ड, वीडियो सामने आते ही ड्यूटी से हटाए गए

वसूली के पैसे को लेकर बीच सड़क मारपीट करते 2 होमगार्ड, वीडियो सामने आते ही ड्यूटी से हटाए गए

फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन

UP News: फर्रुखाबाद में ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां रेलवे स्टेशन तिराहा पर तैनात दो होमगार्ड आपस में ही भिड़ गए। दोनों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गाली-गलौज से होते हुए हाथापाई तक पहुंच गया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि दोनों होमगार्ड के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते यह बहस तीखी नोकझोंक में बदल गई और फिर दोनों ने एक-दूसरे पर हाथ उठा दिया। घटना के समय मौके पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस और होमगार्ड तैनात थे, लेकिन सार्वजनिक जगह पर ही इस तरह की मारपीट से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट के दौरान दोनों होमगार्ड संतुलन खो बैठे और पास से गुजर रही एक मोटरसाइकिल पर गिर गए। इससे बाइक का इंडिकेटर टूट गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कराया, तब जाकर स्थिति काबू में आई।

UP News: सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और मामले को गंभीरता से लिया गया है। वहीं वीडियो के सामने आने के बाद यातायात निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने मामले पर संज्ञान लेते हुए कहा कि विवाद में शामिल दोनों होमगार्ड को ड्यूटी से हटा दिया जाएगा। साथ ही, पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़े… सोनभद्र में क्रूरता: 2 बच्चों को मुर्गा बनाकर मछली पकड़ने की दी सजा, पीठ पर रखीं ईंटें, वीडियो देख कांप जाएगी रूह