Delimitation 2026: परिसीमन (Delimitation) को लेकर देश में एक बार फिर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। केंद्र सरकार ने लोकसभा और विधानसभा सीटों के पुनर्गठन के साथ महिला आरक्षण को लागू करने की दिशा में नए प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में 50 फीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी। इससे निर्वाचित सीटों की संख्या बढ़कर करीब 816 हो सकती है। इस प्रस्ताव के बीच सबसे बड़ा सवाल उत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर है। दक्षिणी राज्यों की चिंता रही है कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद कहीं उन्हें संसद में अपना प्रतिनिधित्व न गंवाना पड़े। सरकार का दावा है कि नए 50 फीसदी वृद्धि मॉडल से किसी राज्य के प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को नुकसान नहीं होगा। आइए समझते हैं कि परिसीमन क्या है, 2026 के प्रस्ताव में क्या बदलाव होंगे और इसका उत्तर-दक्षिण की राजनीति पर क्या असर पड़ सकता है।
Delimitation 2026: परिसीमन क्या होता है? आसान भाषा में समझिए
परिसीमन का मतलब जनसंख्या और निर्धारित कानूनी मानदंडों के आधार पर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं को दोबारा तय करना है। आसान भाषा में समझें तो इसके तहत यह निर्धारित किया जाता है कि किसी राज्य में कितने निर्वाचन क्षेत्र होंगे और उनकी भौगोलिक सीमाएं कहां तक होंगी। उदाहरण के लिए, अगर किसी विधानसभा क्षेत्र की आबादी बहुत ज्यादा बढ़ जाती है, तो परिसीमन के दौरान उसकी सीमाओं में बदलाव किया जा सकता है। इसी तरह लोकसभा क्षेत्रों का भी पुनर्गठन होता है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या और उनके प्रतिनिधित्व के बीच संतुलन बनाए रखना है। परिसीमन आयोग इस काम को करता है और उसकी सिफारिशों के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन किया जाता है।
Delimitation 2026: 2026 में परिसीमन की चर्चा क्यों तेज हुई?
केंद्र सरकार ने 28 नवंबर 2026 को कैबिनेट बैठक में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक और परिसीमन से जुड़े नए प्रस्ताव को मंजूरी दी। इनका उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण को लागू करने का रास्ता तैयार करना और निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन करना है। सरकार के प्रस्ताव के मुताबिक, पहली परिसीमन प्रक्रिया में प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की लोकसभा सीटों में मौजूदा संख्या के मुकाबले 50 फीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी। लोकसभा की मौजूदा 543 निर्वाचित सीटें बढ़कर करीब 816 हो सकती हैं। वहीं, लोकसभा की अधिकतम संवैधानिक क्षमता 850 सदस्यों तक करने का प्रस्ताव है। सरकार ने संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से बुलाया है, जिसमें संबंधित विधेयकों पर चर्चा होनी है। हालांकि, कैबिनेट की मंजूरी का मतलब यह नहीं है कि परिसीमन की प्रक्रिया लागू हो चुकी है।
सरकार का 50 फीसदी वृद्धि वाला फॉर्मूला क्या है?
परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की मौजूदा लोकसभा सीटों में एकसमान 50 फीसदी वृद्धि का प्रस्ताव रखा है। इसका मतलब है कि किसी राज्य में अभी जितनी लोकसभा सीटें हैं, उनमें लगभग आधी सीटें और जोड़ दी जाएंगी। उदाहरण के लिए:
– उत्तर प्रदेश में अभी 80 लोकसभा सीटें हैं। प्रस्ताव के तहत ये बढ़कर 120 हो सकती हैं।
– महाराष्ट्र में मौजूदा 48 सीटें बढ़कर 72 हो सकती हैं।
– तमिलनाडु में 39 सीटें बढ़कर करीब 59 हो सकती हैं।
– मध्य प्रदेश में 29 सीटें बढ़कर करीब 44 हो सकती हैं।
– कर्नाटक में 28 सीटें बढ़कर 42 हो सकती हैं।
इस फॉर्मूले का उद्देश्य सभी राज्यों की सीटों में एकसमान अनुपात से वृद्धि करना है, ताकि राज्यों के बीच लोकसभा में मौजूदा प्रतिनिधित्व का अनुपात बना रहे। हालांकि, ये प्रस्तावित आंकड़े हैं, अंतिम सीटों का निर्धारण परिसीमन प्रक्रिया के बाद होगा।
उत्तर और दक्षिण के राज्यों के बीच विवाद क्यों है?
परिसीमन को लेकर उत्तर और दक्षिण भारत के बीच प्रतिनिधित्व का सवाल काफी महत्वपूर्ण है। इसकी मुख्य वजह दोनों क्षेत्रों में जनसंख्या वृद्धि की अलग-अलग दर है। उत्तर भारत के कई राज्यों में पिछले दशकों के दौरान जनसंख्या तेजी से बढ़ी है। वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐसे में अगर केवल जनसंख्या के अनुपात में लोकसभा सीटों का पुनर्वितरण किया जाता है, तो अधिक आबादी वाले राज्यों की सीटें बढ़ सकती हैं। इससे दक्षिणी राज्यों को संसद में अपने मौजूदा प्रतिनिधित्व का अनुपात घटने की आशंका रही है। दक्षिणी राज्यों का तर्क है कि उन्होंने परिवार नियोजन और जनसंख्या नियंत्रण की नीतियों को प्रभावी तरीके से लागू किया है। ऐसे में उन्हें इस वजह से राजनीतिक प्रतिनिधित्व में नुकसान नहीं होना चाहिए। यही वजह है कि परिसीमन का मुद्दा केवल निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के संघीय ढांचे और राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी से भी जुड़ा है।
यह भी पढ़े- ‘2024 का चुनाव फेक था तो राहुल गांधी दें इस्तीफा’, परिसीमन बिल पर BJP का पलटवार, वोट चोरी के सबूत मांगें








