Rahul Gandhi Resignation: परिसीमन बिल को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर महिला विरोधी होने और बिना सबूत वोट चोरी के आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी के मुताबिक 2024 का लोकसभा चुनाव फर्जी था, तो उन्हें अपनी लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा दे देना चाहिए।
Rahul Gandhi Resignation: राहुल गांधी के बयान को बताया हताशा से भरा
बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणियां एक हताश राजनीतिक नेता की पहचान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अराजकता में विश्वास रखते हैं और उनके बयान इसी सोच को दर्शाते हैं। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव को फर्जी बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी फर्जी प्रधानमंत्री कहा। इस पर उन्होंने सवाल उठाया कि अगर चुनाव फर्जी था, तो राहुल गांधी उसी चुनाव में जीतकर सांसद कैसे बने? उन्हें अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे देना चाहिए।
Rahul Gandhi Resignation: वोट चोरी के आरोपों पर मांगे सबूत
रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी के 14 करोड़ फर्जी मतदाताओं के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के मुताबिक इस आंकड़े में 2.8 करोड़ मृत मतदाता, 6.3 करोड़ दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके मतदाता, एक करोड़ डुप्लीकेट और तीन करोड़ अनुपस्थित मतदाता शामिल हैं। बीजेपी सांसद ने सवाल किया कि इन सभी मतदाताओं को फर्जी कैसे कहा जा सकता है? उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने तथ्यों और सबूतों के बिना मतदाताओं को फर्जी और अवैध बताया है।
850 सीटों पर तानाशाही के आरोप पर कांग्रेस को घेरा
राहुल गांधी ने परिसीमन के बाद लोकसभा में सांसदों की संख्या बढ़ाकर 850 किए जाने को लेकर तानाशाही की आशंका जताई थी। इस पर रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में तीन बार परिसीमन हुआ था। क्या उस समय तानाशाही आ गई थी? उन्होंने कहा कि देश में तानाशाही तब आई थी, जब इलाहाबाद हाई कोर्ट में केस हारने के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में इमरजेंसी लगा दी थी।
महिला आरक्षण को लेकर राहुल गांधी पर साधा निशाना
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को सशक्त बनाने और लोकसभा व विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। महिला आरक्षण बिल इसी दिशा में एक प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस महिला विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने एक आदिवासी महिला को देश का राष्ट्रपति बनाया है। वहीं, बीजेपी अपने संगठन में भी 33 फीसदी आरक्षण देती है।
राहुल गांधी पर लगाए बेबुनियाद आरोप लगाने के आरोप
बीजेपी सांसद ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने के लिए बेताब हैं और उन्होंने बेबुनियाद आरोपों को अपनी राजनीति का तरीका बना लिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने मतदाताओं को फर्जी और अवैध बताया, जबकि वे अपने दावों के समर्थन में जरूरी तथ्य और सबूत पेश नहीं कर पाए। रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी न तो तथ्यों को ठीक से पढ़ते हैं और न ही उन्हें समझते हैं। उनके मुताबिक, राहुल गांधी के आरोप उनकी राजनीतिक हताशा को दिखाते हैं।
यह भी पढ़े- चुनाव चोरी का नया रास्ता है परिसीमन, राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गंभीर आरोप








