UP NEWS: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक युवती की गुमशुदगी के मामले ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है। भाजपा सांसद सतीश गौतम का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद गहरा गया है। ऑडियो में सांसद और पीड़ित पिता के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
लापता युवती के मामले से जुड़ा है पूरा विवाद
जानकारी के अनुसार इगलास थाना क्षेत्र के सहारा गांव की एक युवती पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से लापता है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। इसी मामले में सांसद और पीड़ित पिता के बीच हुई कथित बातचीत का ऑडियो वायरल होने से मामला चर्चा में आ गया है।
UP NEWS: ऑडियो में रिपोर्ट वापस लेने का कथित दबाव
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर सांसद पीड़ित पिता से कहते सुनाई दे रहे हैं कि उन्होंने लड़की की बरामदगी के लिए बात कर ली है और किसी के बहकावे में आकर नामजद रिपोर्ट दर्ज नहीं करानी चाहिए थी। ऑडियो में यह भी कथित रूप से सुनाई देता है कि “तुम्हें अपनी लड़की चाहिए या गुंडा पाल रहे हो अपने लिए नामजद रिपोर्ट कराकर।”
बेटी की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाता रहा पिता
कथित बातचीत में पीड़ित पिता बार-बार अपनी बेटी की सुरक्षित बरामदगी की मांग करता सुनाई देता है। वह कहता है कि उसे किसी से कोई मतलब नहीं, केवल अपनी बेटी वापस चाहिए। वहीं सांसद की ओर से कथित तौर पर प्रेम प्रसंग की संभावना का जिक्र करते हुए रिपोर्ट वापस लेने पर विचार करने की बात कही गई है।
UP NEWS: विपक्ष हमलावर, सांसद की ओर से नहीं आया बयान
मामला सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने भाजपा और सांसद पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। स्थानीय स्तर पर भी इस प्रकरण को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि सांसद सतीश गौतम की ओर से वायरल ऑडियो की सत्यता या आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस प्रशासन का कहना है कि युवती की तलाश लगातार जारी है। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो की भी जांच की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल ऑडियो वास्तविक है या नहीं और उसमें किए गए दावों में कितनी सच्चाई है।
ये भी पढ़े… नंद किशोर गुर्जर का सपा पर तीखा वार, बोले- ‘युवाओं और किसानों को छोड़ आतंकवादियों की पैरवी करती थी सरकार’








