Home » उत्तर प्रदेश » CM योगी का बड़ा संदेश- सिर्फ अधिकार नहीं, कर्तव्यों का ईमानदार निर्वहन ही राष्ट्र निर्माण की कुंजी

CM योगी का बड़ा संदेश- सिर्फ अधिकार नहीं, कर्तव्यों का ईमानदार निर्वहन ही राष्ट्र निर्माण की कुंजी

UP POLITICS: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल अधिकारों की मांग से नहीं, बल्कि नागरिकों द्वारा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने से संभव है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अनुशासन, राष्ट्र सर्वोपरि की भावना और गुलामी की मानसिकता छोड़ने का आह्वान किया।

शनिवार को बुलंदशहर के शिकारपुर स्थित रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सैनिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय में बालिकाओं के छात्रावास निर्माण की घोषणा भी की।

‘सैनिकों से सीखें राष्ट्र सर्वोपरि का भाव’

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलंदशहर देश को सबसे अधिक सैनिक और सैन्य अधिकारी देने वाले जनपदों में शामिल है। उन्होंने कहा कि सैनिक का मूल मंत्र ‘नेशन फर्स्ट’ होता है और यही भावना प्रत्येक नागरिक के जीवन में भी दिखाई देनी चाहिए।

UP POLITICS: ‘प्रधानमंत्री के पंच प्रण अपनाने होंगे’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष की ओर बढ़ रहा है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘पंच प्रण’ को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गुलामी की मानसिकता का त्याग किए बिना विकसित राष्ट्र का सपना पूरा नहीं हो सकता।

‘केवल अधिकार नहीं, कर्तव्य भी जरूरी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लोग अपने अधिकारों की बात अधिक करते हैं, लेकिन कर्तव्यों पर कम ध्यान देते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि शिक्षक समय पर विद्यार्थियों को शिक्षा और संस्कार देता है, तो वही उसकी सच्ची राष्ट्रभक्ति है।

UP POLITICS: जापान का उदाहरण दिया

मुख्यमंत्री ने अपने जापान दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि परमाणु हमले के बाद पूरी तरह तबाह होने के बावजूद जापान ने अनुशासन, तकनीकी क्षमता और कठोर परिश्रम के बल पर खुद को विकसित राष्ट्र बनाया। उन्होंने कहा कि भारत भी इसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

बालिका छात्रावास की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर में बालिकाओं के लिए छात्रावास बनाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि छात्रावास का नाम रज्जू भैया की माताजी के नाम पर रखा जाएगा। साथ ही विद्यालय के लिए भूमि दान करने वाले राजपाल सिंह का सम्मान करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

ये भी पढ़े… ‘प्रदेश और देश के विकास के लिए भाजपा को जिताना होगा’-शिवप्रकाश का बड़ा बयान