Home » उत्तर प्रदेश » पल्लवी पटेल का बड़ा दावा! यूपी चुनाव में किस दल का होगा बुरा हाल? बयान से बढ़ी सियासी हलचल

पल्लवी पटेल का बड़ा दावा! यूपी चुनाव में किस दल का होगा बुरा हाल? बयान से बढ़ी सियासी हलचल

UP POLITICS: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सिराथू से विधायक और अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल (Pallavi Patel) ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को 2022 से भी अधिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

‘यूपी में बड़ा राजनीतिक बदलाव आएगा’

फतेहपुर जिले के मोहम्मदपुर गौती में आयोजित एक कार्यकर्ता बैठक में पल्लवी पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति देश की दिशा तय करती है, क्योंकि दिल्ली का रास्ता यूपी से होकर जाता है। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों में भाजपा की चुनावी रणनीति सफल हो सकती है, लेकिन उत्तर प्रदेश में परिस्थितियां अलग हैं और यहां बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2022 के चुनाव में भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी और 2027 में पार्टी की स्थिति और कमजोर हो सकती है।

UP POLITICS: SIR को लेकर बीजेपी पर साधा निशाना

पल्लवी पटेल ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) जैसी प्रक्रियाओं का सहारा ले रही थी। उनका कहना था कि इस रणनीति का मकसद चुनावी लाभ हासिल करना था, लेकिन इसका उल्टा असर देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े बदलावों का नुकसान विपक्ष से अधिक भाजपा को उठाना पड़ सकता है और इसका असर आगामी चुनावों में दिखाई देगा।

गठबंधन पर फैसला करेगा राष्ट्रीय नेतृत्व

2027 का चुनाव अपना दल (कमेरावादी) अकेले लड़ेगी या किसी गठबंधन के साथ, इस सवाल पर पल्लवी पटेल ने स्पष्ट जवाब देने से बचते हुए कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह एक कार्यकर्ता के रूप में जनता के बीच काम कर रही हैं।

UP POLITICS: जनसमस्याओं और संगठन पर हुई चर्चा

बैठक के दौरान क्षेत्रीय विकास, संगठन की मजबूती और स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा हुई। गौती पुल से टांडा मार्ग निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। यह मार्ग कौशांबी की सिराथू विधानसभा और फतेहपुर की हुसैनगंज विधानसभा को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग माना जाता है।

अखिलेश यादव की बेटी पर टिप्पणी को बताया शर्मनाक

पल्लवी पटेल ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि बेटियों के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करने वालों की मानसिकता बेहद ओछी है और समाज में ऐसी सोच को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जहां बेटियों को सम्मान और पूजनीय माना जाता है, वहां इस प्रकार की टिप्पणियां निंदनीय हैं और इनके खिलाफ सख्त सामाजिक प्रतिक्रिया होनी चाहिए।

ये भी पढ़े… मोहन भागवत की यात्रा के दौरान ट्रेन पर पथराव, मौलाना अब्बास बोले- ‘दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई’