UP POLITICS: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमीक जामेई ने कहा कि मौलाना जर्जीस अंसारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग सपा पहले दिन से करती रही है। किसी भी धर्म के देवी-देवताओं या धार्मिक प्रतीकों पर अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि अब तक कार्रवाई नहीं हुई है तो इसके पीछे राजनीतिक संरक्षण हो सकता है।
आजम खान को मिलेगा न्याय
आजम खान को दो वर्ष की सजा मिलने पर जामेई ने कहा कि वे कई वर्षों से जेल में हैं और न्यायपालिका पर उन्हें पूरा भरोसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में न्यायिक व्यवस्था पर प्रशासनिक दबाव का माहौल है, लेकिन अंततः आजम खान को न्याय मिलेगा।
UP POLITICS: ओपी राजभर के बयान पर पलटवार
अपराध की घटनाओं में यादव और मुस्लिम समुदाय की अधिक भागीदारी संबंधी ओपी राजभर के बयान पर जामेई ने कहा कि ऐसे बयान समाज में अनावश्यक विवाद पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अभी भी राजभर को पीडीए की राजनीति का हिस्सा मानती है।
योगी सरकार पर लगाए आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनसंख्या संतुलन और जिन्ना की विचारधारा संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जामेई ने कहा कि सरकार असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए नए विवाद खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि एसआईटी रिपोर्ट अदालत में पेश होने से पहले उसके कथित निष्कर्ष सार्वजनिक होना कई सवाल खड़े करता है।
UP POLITICS: जौहर विश्वविद्यालय फिर बनाने का दावा
जामेई ने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो अखिलेश यादव के नेतृत्व में जौहर विश्वविद्यालय को दोबारा विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए जरूरत पड़ी तो 10 हजार करोड़ रुपये तक खर्च किए जाएंगे। उन्होंने विश्वविद्यालय के खिलाफ की गई कार्रवाई को असंवैधानिक बताया।
मदनी के बयान का समर्थन
मौलाना अरशद मदनी के बयान का समर्थन करते हुए जामेई ने कहा कि आजादी की लड़ाई में सभी समुदायों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति शांति, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द से ही संभव है।
UP POLITICS: यूसीसी पर सरकार को घेरा
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के समान नागरिक संहिता संबंधी बयान पर जामेई ने कहा कि सरकार किसी एक समुदाय को निशाना बनाने के बजाय सभी नागरिकों के लिए समान दृष्टिकोण अपनाए और विकास व सामाजिक सौहार्द पर ध्यान केंद्रित करे।
ये भी पढ़े… Vikram-1 की सफल उड़ान के बाद Skyroot का बड़ा ऐलान, अब नियमित कमर्शियल स्पेस लॉन्च की तैयारी








