Home » राष्ट्रीय » सपा विधायक और सुभासपा प्रमुख की मुलाकात से यूपी की राजनीति में चर्चाएं तेज

सपा विधायक और सुभासपा प्रमुख की मुलाकात से यूपी की राजनीति में चर्चाएं तेज

UP POLTICS:

UP POLTICS: उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश सिंह और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर की दिल्ली में हुई मुलाकात चर्चा का विषय बनी हुई है। इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक अटकलों के बीच जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव से सवाल पूछा गया तो उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, “ये वे दोनों जानें।”

दिल्ली में मुलाकात के बाद तेज हुईं सियासी चर्चाएं

सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर लगातार अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर हमलावर रहे हैं। ऐसे में दिल्ली में उनकी और सपा के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश सिंह की मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि दोनों नेताओं की मुलाकात का उद्देश्य अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।

UP POLTICS: अखिलेश यादव ने क्या कहा?

रविवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों ने अखिलेश यादव से इस मुलाकात पर प्रतिक्रिया मांगी। इस पर उन्होंने केवल इतना कहा, “ये वे दोनों जानें।” उन्होंने इस विषय पर कोई और टिप्पणी नहीं की।

दोनों नेता गाजीपुर जिले से विधायक

ओमप्रकाश राजभर और ओमप्रकाश सिंह दोनों गाजीपुर जिले से विधायक हैं। राजभर जहूराबाद विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि ओमप्रकाश सिंह जमानिया सीट से विधायक हैं। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि दोनों के पुराने व्यक्तिगत संबंध रहे हैं, लेकिन मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में यह मुलाकात कई सवाल खड़े कर रही है।

UP POLTICS: सपा के वरिष्ठ नेताओं में हैं ओमप्रकाश सिंह

ओमप्रकाश सिंह समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। वह सात बार विधायक और एक बार सांसद रह चुके हैं। वर्ष 2003 से 2007 तक उत्तर प्रदेश सरकार में सिंचाई मंत्री और 2012 से 2017 तक अखिलेश यादव सरकार में पर्यटन मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। विधानसभा में भी वह सपा की ओर से प्रमुख चेहरों में शामिल हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा पर भी साधा निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नहीं चाहती कि पीडीए समाज के लोग शिक्षित हों। साथ ही उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश में 26,386 स्कूल बंद हुए हैं।

ये भी पढ़ें…किसी कार्यवाही से नहीं डरता, ससंद में साधु के वेश के बाद हुई FIR के बाद पप्पू यादव