Home » उत्तर प्रदेश » UP के शिक्षकों को बड़ा तोहफा: 1 करोड़ तक का दुर्घटना बीमा, योगी सरकार ने SBI के साथ किया समझौता

UP के शिक्षकों को बड़ा तोहफा: 1 करोड़ तक का दुर्घटना बीमा, योगी सरकार ने SBI के साथ किया समझौता

UP Teachers Insurance:

UP Teachers Insurance: उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षकों और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के लिए बड़ी सामाजिक सुरक्षा योजना शुरू की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी से इस योजना का शुभारंभ करते हुए घोषणा की कि राज्य के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों और वार्डेन को अब 1 करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा मिलेगा। इसके लिए राज्य सरकार ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साथ समझौता (MoU) किया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।

स्थायी कर्मचारियों को मिलेगा 1 करोड़ तक का बीमा

योजना के तहत स्थायी शिक्षकों और कर्मचारियों को 10 लाख रुपये का ग्रुप टर्म इंश्योरेंस, 1 करोड़ रुपये का पर्सनल एक्सीडेंट कवर, 1 करोड़ रुपये का स्थायी दिव्यांगता बीमा तथा 1.60 करोड़ रुपये तक का एयर एक्सीडेंट कवर मिलेगा। किसी दुर्घटना की स्थिति में कर्मचारियों के बच्चों की पढ़ाई और बेटियों की शादी के लिए भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

UP Teachers Insurance: संविदा कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ

10 हजार रुपये से अधिक वेतन पाने वाले संविदा कर्मचारियों को 30 लाख से 80 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा मिलेगा। वहीं 10 हजार रुपये से कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों को 2 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, जीरो बैलेंस बैंक खाता और एटीएम कार्ड की सुविधा दी जाएगी।

UP Teachers Insurance: कैशलेस इलाज का खर्च उठाएगी सरकार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिक्षकों के कैशलेस इलाज पर हर साल करीब 450 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसका पूरा भुगतान राज्य सरकार करेगी। उन्होंने शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि सरकार बदले में केवल यही चाहती है कि वे बच्चों की शिक्षा और विद्यालयों के बेहतर वातावरण पर विशेष ध्यान दें।

स्कूलों को स्वच्छ और बेहतर बनाने पर जोर

सीएम योगी ने कहा कि विद्यालय स्वच्छ, सुंदर और प्रेरणादायक होने चाहिए, जहां देश का भविष्य तैयार हो। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों में स्वच्छता, अनुशासन और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा की भावना विकसित करने का आह्वान किया।

शिक्षा व्यवस्था पर जताया भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश कभी देश को सर्वाधिक शिक्षक देने वाला राज्य था, लेकिन कुछ समय तक शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया गया। पिछले वर्षों में सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार किए हैं और अब प्रदेश की कई योजनाएं राष्ट्रीय स्तर पर मॉडल बन चुकी हैं।

शिक्षा मंत्री ने भी की सराहना

कार्यक्रम के दौरान माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ी है और बोर्ड परीक्षाओं में नकल व पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा की यह योजना शिक्षकों के हित में एक ऐतिहासिक कदम है।

यह भी पढे़ : 5 किलो वाले ‘छोटू’ सिलेंडर की होम डिलीवरी पर अब लगेगा ₹25 एक्स्ट्रा चार्ज