Urvashi Rautela: उर्वशी रौतेला अपने बयानों के साथ-साथ अपने फैशन और ग्लैमरस लुक्स को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहती हैं। सोशल मीडिया पर उनके कई दावे यूजर्स का ध्यान खींचते हैं और लोग उन पर अपनी प्रतिक्रिया देने से पीछे नहीं हटते। अब एक बार फिर उर्वशी सुर्खियों में हैं। हालांकि, इस बार वजह उनका कोई सोशल मीडिया पोस्ट नहीं, बल्कि उनकी ड्रेस है।हाल ही में उर्वशी रौतेला जयपुर में आयोजित ‘मिस यूनिवर्स इंडिया 2026’ में बतौर जज पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने तिरंगे से प्रेरित एक खास गाउन पहना था। ड्रेस के बीच में अशोक चक्र जैसा डिजाइन भी नजर आ रहा था। यही ड्रेस अब सोशल मीडिया पर विवाद का कारण बन गई है।
ड्रेस को लेकर यूजर्स ने उठाए सवाल
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के कार्यक्रम में उर्वशी ने केसरिया, सफेद और हरे रंग की गाउन पहनी थी। उनके आउटफिट में अशोक चक्र से प्रेरित डिजाइन भी शामिल किया गया था। ड्रेस सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उर्वशी को निशाने पर लेना शुरू कर दिया।कुछ लोगों ने सवाल किया कि तिरंगे से प्रेरित इस तरह की ड्रेस कैसे पहनी जा सकती है। वहीं, कुछ यूजर्स ने इसे राष्ट्रीय ध्वज के अपमान से जोड़ दिया। कई लोगों ने यह भी कहा कि तिरंगे को इस तरह शरीर पर लपेटना या ओढ़ना स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।
तीन महीने में तैयार हुआ गाउन
उर्वशी रौतेला ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में अपने इस गाउन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस ड्रेस को दाशा नाम की एक इंटरनेशनल डिजाइनर ने तैयार किया है। इसे बनाने में करीब तीन महीने का समय लगा।उर्वशी ने तिरंगे से प्रेरित ड्रेस पहनने पर खुशी भी जाहिर की थी। हालांकि, विवाद शुरू होने के बाद उन्होंने अपनी ड्रेस को लेकर सफाई दी। अभिनेत्री ने कहा कि उनके गाउन में इस्तेमाल किए गए केसरिया और हरे रंग तिरंगे के वास्तविक रंगों से अलग थे।
सफाई के बाद भी जारी है विवाद
उर्वशी की ओर से दी गई सफाई के बावजूद सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा शांत होता नजर नहीं आया। लोग लगातार उनकी ड्रेस को लेकर कमेंट कर रहे हैं और उन्हें तरह-तरह के ताने भी दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस आउटफिट को लेकर बहस जारी है।
कौन बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2026?
वहीं, मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब केरल की कैजिया लिज मैजो ने अपने नाम किया है। अब वह इस साल के अंत में प्यूर्टो रिको में आयोजित होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के जज पैनल में अभिनेत्री सुष्मिता सेन भी शामिल थीं। उनके अलावा सेलिना जेटली और उर्वशी रौतेला ने भी प्रतियोगिता में जज की भूमिका निभाई।






