US Iran Conflict: अमेरिका ने लगातार 11वीं रात ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान चलाया और उसके कई अहम सैन्य ठिकानों पर हमला किया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, इस ऑपरेशन में ईरान के सैन्य संचालन केंद्र, नौसैनिक क्षमताएं, विमान हैंगर, ड्रोन स्टोरेज सेंटर और सैन्य रसद (लॉजिस्टिक्स) से जुड़े ढांचे को निशाना बनाया गया। CENTCOM ने बताया कि यह अभियान 21 जुलाई को रात 8:15 बजे पूरा हुआ। इस कार्रवाई का मकसद होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले व्यावसायिक जहाजों के लिए खतरा पैदा करने की ईरान की क्षमता को और कमजोर करना था।
3 महीनों में 30 से ज्यादा जहाजों पर हमले का दावा
CENTCOM ने कहा कि 21 जुलाई की रात अमेरिका ने ईरान के खिलाफ लगातार 11वीं सैन्य कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी की। अमेरिकी सेना का दावा है कि पिछले तीन महीनों में ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले 30 से अधिक व्यावसायिक जहाजों पर हमला किया है। अमेरिका के मुताबिक, ये हमले बिना किसी उचित कारण के किए गए, जिससे सैकड़ों नागरिक नाविकों की सुरक्षा खतरे में पड़ी और समुद्री व्यापार प्रभावित हुआ। हालांकि, होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण को लेकर समय-समय पर अलग-अलग दावे सामने आते रहे हैं।

900 जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने का दावा
CENTCOM ने कहा कि ईरान की आक्रामक गतिविधियों के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य अभी भी व्यावसायिक जहाजों के लिए खुला हुआ है। अमेरिकी सेना के अनुसार, मई की शुरुआत से अब तक उसने इस समुद्री मार्ग से करीब 900 व्यावसायिक जहाजों को सुरक्षित गुजरने में मदद की है। इन जहाजों के जरिए लगभग 45 करोड़ बैरल कच्चे तेल का परिवहन किया गया।
ईरान के सरकारी प्रसारक IRIB के मुताबिक, अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद देश के कई हिस्सों में हवाई हमले हुए। रिपोर्ट के अनुसार, इलाम प्रांत के चावर और अबदानान क्षेत्रों को निशाना बनाया गया। अबदानान के गवर्नर ने भी पुष्टि की कि जिले के दीनारकोह इलाके पर हमला हुआ है।
कई शहरों में धमाकों की खबर
IRIB ने बताया कि कुर्दिस्तान प्रांत के बनेह शहर के बाहरी इलाके में भी हमला हुआ, जिसे उसने दुश्मन का हमला बताया। वहीं, हमदान प्रांत के अधिकारियों ने कहा कि कबूदर आहंग काउंटी को अमेरिका की लगातार सैन्य कार्रवाई के तहत निशाना बनाया गया।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि खुजेस्तान प्रांत के माहशहर और पूर्वी अजरबैजान प्रांत के तबरीज शहर में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। दक्षिण-पूर्वी ईरान के चाबहार में भी कई धमाके हुए और कुछ समय के लिए लड़ाकू विमानों की गतिविधि देखी गई। इसके अलावा, खुजेस्तान के उपराज्यपाल के हवाले से बताया गया कि बेहबहान और ओमीदियेह शहरों के आसपास भी मिसाइल हमले किए गए।








