Home » अंतर्राष्ट्रीय » US Shutdown: अमेरिका का सबसे लंबा शटडाउन जल्द हो सकता है खत्म, अब तक लाखों लोग हुए प्रभावित

US Shutdown: अमेरिका का सबसे लंबा शटडाउन जल्द हो सकता है खत्म, अब तक लाखों लोग हुए प्रभावित

US Shutdown

US Shutdown: अमेरिका में पिछले कई हफ्तों से चल रहा सबसे लंबा सरकारी शटडाउन अब खत्म होने की कगार पर है। बता दें कि खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि जल्द ही इसका अंत हो सकता है। इस शटडाउन की वजह से लाखों सरकारी कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा, कई विभागों में कामकाज रुका पड़ा है। केवल इतना ही नबीं, आम नागरिकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

फंडिंग बिल

दरअसल, अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस में फंडिंग बिल को लेकर रुकावट बना हुआ था। ट्रंप प्रशासन और डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं के बीच लंबे समय से बजट पर सहमति नहीं बन पा रही थी। अब हालात बदलते दिख रहे हैं। रविवार को सीनेट ने इस दिशा में पहला कदम उठाया है, जिससे राहत की उम्मीद जगी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि ऐसा लगता है कि हम शटडाउन खत्म करने के बहुत करीब हैं। हम अवैध लोगों या अपराधियों को कोई पैसा देने के लिए तैयार नहीं हैं। मुझे लगता है कि डेमोक्रेट्स अब यह बात समझने लगे हैं।

US Shutdown: सरकार और विपक्ष के बीच समझौता!

वहीं, ट्रंप के इस बयान के बाद यह माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सरकार और विपक्ष के बीच समझौता हो सकता है। व्हाइट हाउस के सूत्रों का भी कहना है कि ट्रंप प्रशासन और विपक्षी नेताओं के बीच बातचीत के कई दौर चल रहे हैं और माहौल अब पहले से बेहतर है।

US Shutdown
                                                                                 US Shutdown

कैसे शुरू हुआ था शटडाउन?

यह शटडाउन 1 अक्टूबर से शुरू हुआ था। उस दिन अमेरिकी संसद में अस्थायी फंडिंग बिल पास कराने की कोशिश की गई, लेकिन ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को जरूरी 60 वोटों में से सिर्फ 55 वोट ही मिल पाए। इसके बाद से ही अमेरिका में सरकारी खर्च पर रोक लग गई और शटडाउन लागू हो गया। इस स्थिति में सरकार के पास फंड नहीं बचता, जिससे कई विभागों की गैर-जरूरी सेवाएं बंद करनी पड़ती हैं। इससे लेकर हवाई अड्डों की सेवाएं, खाद्य सहायता कार्यक्रम और यहां तक कि कुछ सुरक्षा एजेंसियों का कामकाज भी प्रभावित होता है।

क्यों होता है शटडाउन?

अमेरिका में सरकार का हर विभाग संसद से पास हुए बजट पर चलता है। जब कांग्रेस यानी संसद में राजनीतिक मतभेदों की वजह से बजट पारित नहीं हो पाता, तो सरकार कानूनी रूप से खर्च नहीं कर सकती। ऐसी स्थिति में गैर-जरूरी सरकारी सेवाएं रोक दी जाती हैं। केवल इतना ही नहीं, हजारों कर्मचारियों को अनपेड लीव पर भेज दिया जाता है। इसे ही गवर्नमेंट शटडाउन कहा जाता है। इस बार का शटडाउन भी बजट विवाद से जुड़ा है, जहां राष्ट्रपति ट्रंप सीमा सुरक्षा और कुछ सामाजिक योजनाओं के लिए अधिक फंड चाहते थे, जबकि डेमोक्रेट्स इस पर सहमत नहीं थे।

US Shutdown: लाखों अमेरिकियों पर पड़ा असर

लंबे चले इस शटडाउन का असर अब हर आम नागरिक महसूस कर रहा है। सरकारी कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा, हवाई अड्डों पर सुरक्षा जांच में देरी हो रही है, और कई जगह फूड असिस्टेंस प्रोग्राम प्रभावित हुए हैं। आर्थिक विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यह स्थिति कुछ और हफ्तों तक जारी रहती, तो इसका असर अमेरिका की अर्थव्यवस्था पर भी दिखने लगता।

Read More: दिल्ली-एनसीआर में ठंड ने दी दस्तक, पारा 11 डिग्री पर पहुंचा; कई राज्यों में शीतलहर और बारिश का अलर्ट