Home » नई दिल्ली » दिल्ली के सीमापुरी में बहुमंजिला इमारत गिरी, कई लोगों के दबे होने की आशंका

दिल्ली के सीमापुरी में बहुमंजिला इमारत गिरी, कई लोगों के दबे होने की आशंका

Seemapuri Building Collapse:

Seemapuri Building Collapse: दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार को एक बहुमंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसा मछली मंडी के पास हुआ। इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अब तक दो बच्चों समेत कई लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है।

Seemapuri Building Collapse: मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम जारी-

फायर विभाग को दोपहर करीब सवा 3 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद मौके पर चार फायर टेंडर भेजे गए। स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में मदद कर रहे हैं। सामने आए वीडियो में बड़ी संख्या में लोग मलबा हटाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।बचाव दल मलबे को सावधानी से हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के बाद 5-6 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है।

Seemapuri Building Collapse: 25 गज के प्लॉट पर बनी थी इमारत-

पुलिस के मुताबिक, यह इमारत करीब 25 गज के छोटे से प्लॉट पर बनी हुई थी। इमारत कितनी मंजिला थी, इसको लेकर शुरुआती रिपोर्टों में तीन, चार और पांच मंजिल होने की अलग-अलग जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद इमारत का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। राहत और बचाव टीमों की ओर से मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश जारी है।

स्थानीय निवासी ने बताया- तीन लोग अभी भी अंदर फंसे-

स्थानीय निवासी सलीम ने बताया कि इमारत अचानक ढह गई। उनके मुताबिक, कई लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। उनका दामाद और बेटी भी इमारत के अंदर थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दो बच्चों को भी बचाया गया है। सलीम ने बताया कि तीन अन्य लोग अभी भी अंदर फंसे हुए हैं। उन्हें निकालने के लिए क्रेन की मदद से छत हटाने का काम किया जा रहा है।

5-6 लोगों को अस्पताल भेजा गया-

शाहदरा के DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि अब तक करीब 5-6 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान लगातार जारी है और पूरी स्थिति की जानकारी रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। DCP के अनुसार, फिलहाल दो-तीन लोग अंदर दिखाई दे रहे हैं और वे बचाव दल से बातचीत भी कर रहे हैं।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी-

हादसे के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने बताया कि सीमापुरी गोल चक्कर, DLF भोपुरा और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे संभव हो तो इस इलाके में जाने से बचें। घटनास्थल के पास न रुकें, गाड़ी पार्क न करें और भीड़ जमा न करें, ताकि एंबुलेंस और बचाव वाहनों को आने-जाने में परेशानी न हो। लोगों से ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को भी कहा गया है।

यह भी पढ़े- यूक्रेन के सैन्य और ऊर्जा ठिकानों पर रूस का बड़ा हमला, 11 लोगों की मौत