Home » अंतर्राष्ट्रीय » US tanker: नौसैनिक कार्रवाई से बढ़ा तनाव, अमेरिका-वेनेजुएला आमने-सामने, वैश्विक व्यापार पर असर की आशंका

US tanker: नौसैनिक कार्रवाई से बढ़ा तनाव, अमेरिका-वेनेजुएला आमने-सामने, वैश्विक व्यापार पर असर की आशंका

तेल टैंकर जब्ती से बढ़ा अंतरराष्ट्रीय तनाव

US tanker: अमेरिका की होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने बताया कि अमेरिकी सेना ने शनिवार को वेनेजुएला के तट के पास एक और तेल टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि 20 दिसंबर की सुबह तड़के अमेरिकी तटरक्षक बल ने रक्षा विभाग के सहयोग से उस तेल टैंकर को पकड़ा, जो इससे पहले वेनेजुएला में खड़ा था।

US tanker: अंतरराष्ट्रीय समुद्री डकैती

इससे पहले 10 दिसंबर को भी अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के तट के पास एक तेल टैंकर को जब्त किया था। सिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, वेनेजुएला सरकार ने इस कदम की कड़ी निंदा की और इसे खुली लूट तथा अंतरराष्ट्रीय समुद्री डकैती करार दिया।

US tanker: तेल टैंकर जब्ती से बढ़ा अंतरराष्ट्रीय तनाव
तेल टैंकर जब्ती से बढ़ा अंतरराष्ट्रीय तनाव

डोनाल्ड ट्रंप: अतिरिक्त तेल टैंकरों को जब्त करना रहेगा जारी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने वेनेजुएला आने-जाने वाले सभी अमेरिकी प्रतिबंधों के तहत आने वाले तेल टैंकरों की पूरी तरह नाकाबंदी का आदेश दिया है। उन्होंने बाद में एक इंटरव्यू में यह भी कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका अतिरिक्त तेल टैंकरों को जब्त करना जारी रखेगा।

अब तक की सबसे बड़ी नौसैनिक घेराबंदी

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट में लिखा कि वेनेजुएला को दक्षिण अमेरिका के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी नौसैनिक घेराबंदी में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह घेराबंदी और सख्त की जाएगी और जब तक वे अमेरिका का तेल, जमीन और अन्य संपत्तियां वापस नहीं करते, तब तक उन्हें ऐसा झटका लगेगा जैसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा होगा।

ट्रंप ने अपने संदेश में वेनेजुएला में जाने और वहां से निकलने वाले सभी प्रतिबंधित तेल टैंकरों पर पूर्ण नाकाबंदी की घोषणा की और तेल व अन्य संपत्तियों को लौटाने की मांग की।

US tanker
US tanker
वेनेजुएला सरकार: ट्रंप का बयान बेहद लापरवाह

इसके जवाब में वेनेजुएला सरकार ने ट्रंप के बयान को लापरवाह और गंभीर धमकी बताया। सरकार का कहना है कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून, मुक्त व्यापार और समुद्री आवागमन की स्वतंत्रता का उल्लंघन है। वेनेजुएला सरकार ने एक बयान में कहा, “संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति पूरी तरह तर्कहीन तरीके से वेनेजुएला पर एक कथित नौसैनिक सैन्य नाकाबंदी थोपना चाहते हैं, ताकि वे उस संपत्ति को हड़प सकें जो वेनेजुएला की जनता की है।”

Written by- Yamini Yadav