Home » उत्तर प्रदेश » Uttar Pradesh: बेडरूम बना कब्रिस्तान! पत्नी का कत्ल कर फर्श के नीचे दफनाया, ऊपर चैन की नींद सोता रहा पति

Uttar Pradesh: बेडरूम बना कब्रिस्तान! पत्नी का कत्ल कर फर्श के नीचे दफनाया, ऊपर चैन की नींद सोता रहा पति

Uttar Pradesh: बेडरूम बना कब्रिस्तान! पत्नी का कत्ल कर फर्श के नीचे दफनाया, ऊपर चैन की नींद सोता रहा पति

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। प्रेम विवाह के महज 40 दिन बाद एक युवक पर अपनी पत्नी की हत्या कर उसके शव को घर के कमरे में दफनाने का आरोप लगा है। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि आरोपी पति शव को दफनाने के बाद उसी स्थान के ऊपर बिस्तर लगाकर कई दिनों तक सोता रहा। जब पुलिस ने कमरे की खुदाई कराई तो यह भयावह सच सामने आया, जिसे देखकर मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी और ग्रामीण भी स्तब्ध रह गए।

प्रेम संबंध के बाद हुआ था निकाह

जानकारी के अनुसार, संतकबीरनगर जिले के दसहंवा गांव की 20 वर्षीय मुफीदुन और सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज क्षेत्र के चकमझारी गांव निवासी 22 वर्षीय शमशेर अहमद के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों 26 मई को गांव पहुंचे थे और परिवार की मौजूदगी में एक जून को निकाह कराया गया। निकाह के बाद दावत-ए-वलीमा भी आयोजित की गई और दोनों ने नई जिंदगी की शुरुआत की, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह रिश्ता इतनी जल्दी दर्दनाक मोड़ ले लेगा।

Uttar Pradesh: मां के फोन से खुला हत्या का राज

बताया जा रहा है कि शादी के कुछ समय बाद जब मुफीदुन का अपनी मां से संपर्क टूट गया तो परिजनों को चिंता होने लगी। मां ने कई बार बेटी से बात करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। आरोप है कि बार-बार पूछने पर शमशेर अहमद ने फोन पर ही पत्नी की हत्या करने और शव को घर में दफनाने की बात स्वीकार कर ली। यह सुनते ही परिवार के होश उड़ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

Uttar Pradesh: पुलिस ने खुदाई कर बरामद किया शव

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर के कमरे की खुदाई कराई गई, जहां करीब पांच फीट गहरे गड्ढे से मुफीदुन का शव बरामद हुआ। खुदाई के दौरान पुलिस ने देखा कि जिस स्थान पर शव दफनाया गया था, उसके ठीक ऊपर बिस्तर बिछा हुआ था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि घटना के बाद आरोपी लगातार उसी कमरे में रह रहा था और उसी जगह पर सोता भी था।बेटी की मौत की खबर सुनते ही मृतका के परिवार में मातम छा गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार यही कहती रही कि यदि बेटी को साथ नहीं रखना था तो उसे मायके भेज देता, लेकिन उसकी जान क्यों ले ली। गांव में भी इस घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है।

हत्या की वजह की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आखिर प्रेम विवाह करने वाले इस दंपति के बीच ऐसा क्या हुआ कि मामला हत्या तक पहुंच गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।

ये भी पढ़े…..इश्क़ ने पार कराई सरहद, अब सलाखों के पीछे ज़िंदगी पाकिस्तान में फंसे अलीगढ़ के बादल की क्या हो पाएगी घर वापसी?