Home » स्पोर्ट्स » सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल में रचा इतिहास, 20 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा

सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल में रचा इतिहास, 20 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा

वैभव सूर्यवंशी ने 11 गेंदों में रचा इतिहास

Vaibhav Sooryavanshi: पिछले कुछ दिनों से जिस युवा खिलाड़ी के प्रदर्शन पर सवाल उठ रहे थे, उसी खिलाड़ी ने फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में ऐसा धमाकेदार प्रदर्शन किया कि पूरा क्रिकेट जगत हैरान रह गया। इंडिया ए के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका ए के खिलाफ ट्राई सीरीज के फाइनल में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक लगाने का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया।

दांबुला के रंगीरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे इस खिताबी मुकाबले में श्रीलंका ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, लेकिन वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी ने इस रणनीति को पूरी तरह गलत साबित कर दिया।

पहली गेंद से दिखाए आक्रामक तेवर

वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही अपने इरादे साफ कर दिए। पारी की पहली ही गेंद पर उन्होंने मोहम्मद शिराज के खिलाफ शानदार चौका जड़ दिया। इसके बाद उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और मैदान के हर कोने में चौके-छक्कों की बरसात कर दी।

सिर्फ 15 साल के वैभव ने महज 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर इतिहास रच दिया। उन्होंने अपनी पारी का पांचवां छक्का लगाकर 50 रन पूरे किए और इसी के साथ लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।इस उपलब्धि के साथ उन्होंने करीब 20 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया।

Vaibhav Sooryavanshi:  वैभव सूर्यवंशी ने 11 गेंदों में रचा इतिहास
वैभव सूर्यवंशी ने 11 गेंदों में रचा इतिहास

Vaibhav Sooryavanshi: आलोचनाओं का बल्ले से दिया जवाब

यह पारी इसलिए भी खास रही क्योंकि पूरे टूर्नामेंट में वैभव का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। इसके अलावा कुछ दिन पहले श्रीलंका ए के एक खिलाड़ी के साथ उनकी तीखी बहस भी काफी चर्चा में रही थी।फाइनल मुकाबले में सभी की नजरें उन पर टिकी थीं। हालांकि, वैभव ने किसी भी तरह के दबाव को खुद पर हावी नहीं होने दिया और अपने बल्ले से शानदार जवाब दिया। उन्होंने दिखाया कि बड़े मुकाबलों में दबाव को अवसर में कैसे बदला जाता है।उनकी तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत इंडिया ए को बेहतरीन शुरुआत मिली और मैच का माहौल पूरी तरह बदल गया।

शतक से चूके, लेकिन खेली यादगार पारी

तेज अर्धशतक लगाने के बाद वैभव तेजी से अपने शतक की ओर बढ़ रहे थे। हालांकि, वह शतक से सिर्फ 6 रन दूर रह गए और आउट होकर पवेलियन लौट गए।वैभव ने मात्र 29 गेंदों में 94 रन बनाए। अपनी इस विस्फोटक पारी में उन्होंने 10 चौके और 8 शानदार छक्के लगाए।

लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज

  • 11 गेंद – वैभव सूर्यवंशी (इंडिया ए बनाम श्रीलंका ए, दांबुला, 2026)
  • 12 गेंद – कौशल्या वीररत्ने (रागामा क्रिकेट क्लब बनाम कुरुनेगाला यूथ क्रिकेट क्लब, कोलंबो, 2005/06)
  • 13 गेंद – थिसारा परेरा (श्रीलंका आर्मी स्पोर्ट्स क्लब बनाम ब्लूमफील्ड क्रिकेट एंड एथलेटिक क्लब, पनागोडा, 2020/21)
  • 14 गेंद – रोरी क्लेनवेल्ट (वेस्टर्न प्रोविंस बनाम क्वाज़ुलु-नताल, डरबन, 2010/11)
वैभव सूर्यवंशी ने 11 गेंदों में रचा इतिहास
वैभव सूर्यवंशी ने 11 गेंदों में रचा इतिहास

इंडिया ए की प्लेइंग इलेवन

प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, निशांत सिंधु, अनुकूल रॉय, विप्रज निगम, अशोक शर्मा, यश ठाकुर।

श्रीलंका ए की प्लेइंग इलेवन

निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, नुवानिदु फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, सहान अराचिगे (कप्तान), रविंदु फर्नांडो, वानुजा सहान, मोहम्मद शिराज, विजयकांत वियास्कंथ, दुलज समुदिथा और कुगथास मथुलन।