Varanasi Easy Connect: केंद्र सरकार ने देश के विमानन क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए वाराणसी से भारत की पहली ‘ईजी कनेक्ट‘ उड़ान सेवा शुरू कर दी है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से छोटे शहरों के यात्रियों के लिए अंतरराष्ट्रीय यात्रा को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाया जाएगा। सरकार का कहना है कि यह कदम भारत को वैश्विक विमानन केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को भी नई मजबूती मिलेगी।
क्या है नई ‘ईजी कनेक्ट’ व्यवस्था
नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इस सेवा का शुभारंभ किया। यह व्यवस्था नए केंद्र और संपर्क मॉडल पर आधारित है। इसके तहत टियर-दो और टियर-तीन शहरों से यात्रा करने वाले यात्री अपने स्थानीय हवाई अड्डे पर ही सामान की जांच, आव्रजन और सीमा शुल्क से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे। इसके बाद वे निर्धारित बड़े हवाई अड्डे पर पहुंचकर बिना दोबारा इन प्रक्रियाओं से गुजरे सीधे अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ान में सवार हो सकेंगे।
Varanasi Easy Connect: छोटे शहरों के यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आधुनिक, आत्मनिर्भर, समावेशी और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी भारतीय विमानन व्यवस्था का निर्माण करना है। अब छोटे शहरों के लोगों को अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए महानगरों में अलग से औपचारिकताएं पूरी करने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे समय की बचत होगी, यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी और विदेश जाने वाले यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
सरकार के अनुसार, इस पहल का लक्ष्य वर्ष 2030 तक भारत को यात्रियों के लिए पसंदीदा विमानन केंद्र और वर्ष 2047 तक वैश्विक विमानन केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इससे व्यापार, पर्यटन, निवेश और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति मिलेगी। अनुमान है कि वर्ष 2030 तक इस योजना से लगभग चार लाख प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे तथा देश की अर्थव्यवस्था को उल्लेखनीय बढ़ावा मिलेगा। दीर्घकाल में यह पहल करोड़ों रोजगार सृजित करने और भारतीय अर्थव्यवस्था में बड़े आर्थिक योगदान का आधार बन सकती है।
ये भी पढ़ें…ना’ कहना और अकेले रहना नहीं है स्वार्थ, मानसिक सेहत के लिए जरूरी हैं ये 8 आदतें








