Home » News » VB-G RAM G: 1 जुलाई से पूरे देश में लागू हुई VB-G RAM G योजना, ग्रामीण मजदूरों को मिलेगी ज्यादा मजदूरी और 125 दिनों के रोजगार की गारंटी

VB-G RAM G: 1 जुलाई से पूरे देश में लागू हुई VB-G RAM G योजना, ग्रामीण मजदूरों को मिलेगी ज्यादा मजदूरी और 125 दिनों के रोजगार की गारंटी

VB-G RAM G: 1 जुलाई से पूरे देश में लागू हुई VB-G RAM G योजना, ग्रामीण मजदूरों को मिलेगी ज्यादा मजदूरी और 125 दिनों के रोजगार की गारंटी

VB-G RAM G: आज यानी 1 जुलाई से केंद्र सरकार की नई ग्रामीण रोजगार योजना विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-G RAM G) एक्ट 2025 पूरे देश में लागू हो गई है। सरकार का दावा है कि यह योजना ग्रामीण मजदूरों के लिए पहले से बेहतर अवसर लेकर आई है। नई व्यवस्था में मजदूरी बढ़ाने के साथ-साथ रोजगार के दिनों में भी इजाफा किया गया है, जिससे लाखों ग्रामीण परिवारों की आय में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।नई योजना के लागू होने के बाद ग्रामीण मजदूरों की औसत दैनिक मजदूरी में 10 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी की गई है। पहले मनरेगा के तहत देशभर में औसतन 298.8 रुपये प्रतिदिन मजदूरी मिलती थी, जबकि अब VB-G RAM G योजना के तहत यह बढ़कर औसतन 327.4 रुपये प्रतिदिन हो गई है। यानी हर कार्य दिवस पर मजदूरों को करीब 28.6 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। सरकार ने यह नई मजदूरी दर देश के सभी 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लागू कर दी है।

 रोजगार की गारंटी बढ़कर हुई 125 दिन

नई योजना का सबसे बड़ा बदलाव रोजगार की अवधि में किया गया है। पहले पात्र ग्रामीण परिवारों को साल में 100 दिनों के रोजगार की कानूनी गारंटी मिलती थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। इससे ग्रामीण मजदूरों को 25 अतिरिक्त दिनों तक काम मिलेगा, जिससे उनकी वार्षिक आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हो सकेगी।

VB-G RAM G: 300 रुपये से कम नहीं होगी मजदूरी

केंद्र सरकार ने पूरे देश के लिए न्यूनतम 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी की सीमा भी तय कर दी है। इसका अर्थ है कि अब किसी भी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश में पात्र मजदूर को 300 रुपये से कम दैनिक मजदूरी नहीं दी जाएगी। इससे उन राज्यों के श्रमिकों को सबसे अधिक फायदा मिलेगा, जहां पहले मजदूरी दर अपेक्षाकृत कम थी।

VB-G RAM G: उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों को बड़ा लाभ

सरकार के अनुसार देश के 21 राज्यों में मजदूरी को बढ़ाकर कम से कम 300 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और असम जैसे राज्यों में मजदूरी दरों में 15 से 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। वहीं अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में मजदूरी दरों में लगभग 24.5 प्रतिशत तक का इजाफा किया गया है, जिससे इन क्षेत्रों के ग्रामीण श्रमिकों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

हरियाणा, गोवा, केरल और सिक्किम में सबसे ज्यादा मजदूरी

जिन राज्यों में पहले से मजदूरी दर अधिक थी, वहां भी सरकार ने बढ़ोतरी जारी रखी है। नई दरों के अनुसार हरियाणा में मजदूरों को 409 रुपये, गोवा में 406 रुपये, केरल में 401 रुपये और सिक्किम के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सबसे अधिक 450 रुपये प्रतिदिन मजदूरी मिलेगी। यह देश में सबसे अधिक दैनिक मजदूरी दरों में शामिल है।नई योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 95,692.31 करोड़ रुपये की अंतरिम राशि भी जारी कर दी है। सरकार का कहना है कि इस फंड के जरिए रोजगार सृजन, मजदूरी भुगतान और ग्रामीण विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।सरकार का मानना है कि VB-G RAM G योजना के लागू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, मजदूरों की आय में सुधार होगा और गांवों की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। बढ़ी हुई मजदूरी और अतिरिक्त रोजगार के दिनों से लाखों ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद जताई जा रही है।

ये भी पढ़े….. पाकिस्तान के कब्जे में कैसे चला गया था PoK? जानिए कश्मीर के इस हिस्से की पूरी कहानी