Vijay CM Tamil Nadu: तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अभिनेता से नेता बने विजय शनिवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही राज्य को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। शुक्रवार देर शाम राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय को सरकार बनाने का न्योता दिया। विजय ने राज्यपाल को समर्थन देने वाले विधायकों की सूची सौंपते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार विधानसभा में आसानी से बहुमत साबित कर देगी।
चेन्नई में होगा भव्य शपथ ग्रहण समारोह
शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। समारोह में राजनीतिक हस्तियों के साथ बड़ी संख्या में समर्थकों और आम लोगों के शामिल होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
Vijay CM Tamil Nadu: पहले चुनाव में ही बड़ी जीत
विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और 108 सीटों पर जीत दर्ज कर राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया। बाद में कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और अन्य सहयोगी दलों के समर्थन से विजय बहुमत के आंकड़े तक पहुंच गए।
Vijay CM Tamil Nadu: अंतिम समय में दूर हुईं अड़चनें
सरकार गठन से पहले कुछ राजनीतिक अड़चनें सामने आई थीं। हालांकि वीसीके, एएमएमके और एक IUML विधायक के समर्थन के बाद विजय ने दावा किया कि अब उनके पास 121 विधायकों का समर्थन है। इसके बाद शुक्रवार शाम विजय ने तीसरी बार राज्यपाल से मुलाकात की और सरकार गठन का दावा पेश किया।
समर्थकों में जश्न का माहौल
चेन्नई स्थित विजय के आवास के बाहर शुक्रवार देर शाम से ही जश्न शुरू हो गया। समर्थकों ने “TVK, TVK” के नारे लगाए और आतिशबाजी की। पूरे राज्य में विजय के मुख्यमंत्री बनने को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
यह भी पढे़ : UAE का दावा- ईरान ने दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन: अमेरिका ने जवाबी बमबारी की, होर्मुज संकट और गहराया








